निवाड़ी की ओरछा तहसील के गंज मोहल्ला स्थित एक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घर में आग लग गई। इस घटना में घर का सारा सामान, परिवार की सालों की बचत और कीमती गहने जलकर राख हो गए। घटना मंगलवार देर रात की है। घर में रखा सारा सामान जलकर राख आग से घर की पूरी गृहस्थी तबाह हो गई, जिसमें बर्तन, कपड़े, राशन और बिस्तर शामिल हैं। परिवार की महिला सदस्य शारदा जोगी का सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल भी आग की चपेट में आकर जल गए। शारदा जोगी ने अपने पति बबलू जोगी की शराब की लत से बचाने के लिए सालों से थोड़ी-थोड़ी रकम बचाकर घर में छुपा रखी थी। अंडे का ठेला लगाकर परिवार का पेट पालने वाले बबलू जोगी की शराब की आदत के कारण शारदा अपने बच्चों के भविष्य के लिए यह जमा पूंजी बचा रही थीं। आग में यह पूरी जमा पूंजी भी जलकर खाक हो गई। तहसीलदार ने कार्रवाई का किया आश्वासन आग लगने के बाद बबलू और शारदा जोगी का परिवार, जिसमें उनकी तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं, खुले आसमान के नीचे आ गया है। सूचना मिलने पर ओरछा तहसीलदार सुनील बाल्मीक और पटवारी मेहरबान रैकवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित जोगी परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।


