निवाड़ी में रेलवे स्टेशन के पास बन रहे ओवरब्रिज के कारण वार्ड क्रमांक-14 के रहवासियों को नई समस्या का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय रेल और लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्मित किए जा रहे ओवरब्रिज से बिजली मकानों के ऊपर से गुजर रहा। जिसके चलते 33 केवी और 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइनों को रिहायशी क्षेत्र के मकानों के ऊपर से गुजारने का प्रस्ताव है। ब्रिज बदला, अब मकानों के ऊपर हाईटेंशन खतरा स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पहले ये विद्युत लाइनें ब्रिज के दोनों ओर मौजूद थीं। अब निर्माण कार्य के दौरान इन्हें हटाकर सीधे उनके मकानों के ऊपर से डालने की तैयारी की जा रही है। इस बदलाव से क्षेत्र में रहने वाले परिवारों की जान-माल की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। रहवासियों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि यदि भविष्य में तार टूटता है या करंट फैलता है, तो पूरा मोहल्ला इसकी चपेट में आ सकता है। उनका कहना है कि इस प्रकार की लापरवाही से उनकी जिंदगी खतरे में डाली जा रही है। हाईटेंशन लाइन भूमिगत करने की मांग उठी वार्डवासियों ने इस संबंध में निवाड़ी कलेक्टर और विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने मांग की है कि इन बिजली लाइनों को या तो भूमिगत किया जाए अथवा किसी वैकल्पिक मार्ग से स्थानांतरित किया जाए, ताकि रिहायशी क्षेत्र सुरक्षित रह सके और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन की चेतावनी निवासियों का कहना है कि शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे क्षेत्र के लोग भय और चिंता में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने के दौरान रहवासियों में अमरसिंह, सुंदरलाल, हरकिशन, महेंद्र सिंह, रूपेंद्र, बाबूलाल आदि मौजूद रहे।


