निवाड़ी में युवक की इलाज के दौरान संदिग्ध मौत:पत्नी ने एक्सीडेंट के बाद मारपीट का लगाया आरोप

निवाड़ी जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि सड़क हादसे के बाद कुछ लोगों ने उसके पति के साथ मारपीट की, जिसके कारण उसकी जान चली गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना 23 जनवरी की शाम करीब 7 बजे की है। पृथ्वीपुर तहसील के ग्राम मड़वा निवासी आशाराम कुशवाहा पृथ्वीपुर से अपने गांव मड़वा पैदल जा रहे थे। करगुवां तिगैला के पास उनकी टक्कर पैदल चल रहे धर्मेंद्र अहिरवार से हो गई, जिससे धर्मेंद्र को चोटें आईं। मृतक की पत्नी राधा कुशवाहा के अनुसार, इस घटना के बाद धर्मेंद्र अहिरवार, बालकिशन अहिरवार और उनके परिजनों सहित गांव के कुछ लोगों ने आशाराम के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के कारण आशाराम को गंभीर चोटें आईं और वह बेसुध हो गए। परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पृथ्वीपुर पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शुरुआती इलाज के बाद आशाराम घर लौट आए, लेकिन उनकी हालत फिर बिगड़ गई। परिजन उन्हें यथार्थ अस्पताल ले गए, जहां 6 फरवरी को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पृथ्वीपुर में पोस्टमार्टम कराया गया। राधा कुशवाहा का आरोप है कि यदि हादसे के बाद मारपीट न होती और समय पर बेहतर इलाज मिल जाता, तो उनके पति की जान बच सकती थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पृथ्वीपुर थाना प्रभारी जितेंद्र गुर्जर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। हालांकि, मृतक की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *