निवाड़ी में युवक ने घर में खुद को आग लगाई:गंभीर हालत में झांसी रेफर, दरवाजा तोड़कर फायर बिग्रेड ने पाया काबू

निवाड़ी जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 7 में बुधवार सुबह 11 बजे एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां 35 वर्षीय एक युवक ने अज्ञात कारणों से अपने ही घर में आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 7 स्थित गैस एजेंसी के पीछे रहने वाले संजय पिता रमेश दांगी (35) ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद घर से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोग दहशत में आ गए। परिजनों ने तुरंत डायल 112, निवाड़ी पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डायल 112 के पायलट संकेत और आरक्षक देवेश राजपूत भी घटनास्थल पर मौजूद थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी। टीम ने आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसे संजय दांगी को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि घर में मौजूद गैस सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घायल संजय को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवाड़ी ले जाया गया, जहां डॉ. आरसी मलारया ने प्राथमिक उपचार किया। संजय की हालत नाजुक देखते हुए उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल, युवक द्वारा आग लगाने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *