निवाड़ी में 19,893 मतदाता सूची से बाहर:7,861 ने फिर आवेदन किया; 21 फरवरी को अंतिम सूची का प्रकाशन

निवाड़ी जिले में मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान (SIR अभियान) के तहत हजारों मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जबकि हजारों ने अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए आवेदन किया है। जिले की अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी को जारी की जाएगी, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद निवाड़ी जिले में कुल 19,893 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इनमें पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र से 8,320 और निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से 11,573 मतदाता शामिल हैं। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,08,756 मतदाता और निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र में 1,92,578 मतदाता दर्ज थे। इस प्रकार, संपूर्ण जिले में कुल 4,01,334 मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल थे। एसडीएम मनीषा जैन ने बताया कि 14 फरवरी तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने और सुधार की प्रक्रिया चली। इस दौरान, 15 फरवरी तक नाम जोड़ने के लिए कुल 7,861 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र से 4,258 और निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से 3,603 आवेदन शामिल थे। प्राप्त आवेदनों में से, पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र में 3,974 और निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र में 3,344 आवेदनों का निराकरण किया गया। जिले भर में कुल 7,318 मतदाताओं के नाम जोड़ने संबंधी आवेदनों का निपटारा किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *