नीमच केंट पुलिस ने दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का बुधवार को खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। यह घटना 10 फरवरी को नीमच में हुई थी। फरियादी सुरेंद्र पटवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर में जब वह अपने घर के ऑफिस में काम कर रहे थे, तभी चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। पटवा ने आहट सुनकर पड़ोसी को बुलाने के लिए बाहर निकले, इसी दौरान चोरों ने अलमारी खंगालकर चोरी की और फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध लड़के भागते हुए दिखाई दिए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान मुकेश काछी और सोहिल, निवासी पशु हाट मैदान नीमच, के रूप में की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका तीसरा साथी संजय बागरी मोटरसाइकिल लेकर घर से कुछ दूरी पर इंतजार कर रहा था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। उनसे अन्य चोरियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपियों से चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी करने के उपकरण और चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है। यह त्वरित कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी की टीम द्वारा की गई।


