नीमच के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में बुधवार देर रात बंद पड़ी चेतना इलेक्ट्रिकल्स दुकान में आग लग गई। दुकान के भीतर से अचानक धुआं उठने से अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में धुआं लपटों में बदल गया। घटना के समय दुकान बंद होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और पड़ोसी दुकानदार बिलाल चौपदार के अनुसार, पहले शटर के ऊपर से हल्का धुआं निकलता दिखा, जिसके बाद अंदर आग की लपटें दिखाई दीं। दुकानदारों ने बिजली आपूर्ति कटवा दी आग की खबर फैलते ही पूरे कॉम्प्लेक्स में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और बिजली आपूर्ति कटवा दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने शटर खुलवाकर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का प्रयास किया। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग अन्य दुकानों तक फैलने से बच गई। स्विच, केबल और अन्य इलेक्ट्रिकल सामान जला दुकान में वायरिंग सामग्री, स्विच, केबल और अन्य ज्वलनशील इलेक्ट्रिकल सामान होने के कारण खतरा अधिक था। आग से दुकान के भीतर रखा कुछ सामान और फर्नीचर क्षतिग्रस्त हुआ है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि पुलिस और संबंधित विभाग आग के कारणों की जांच में जुटे हैं। दमकल विभाग की तत्परता से एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।


