नीमच के वार्ड नंबर 11, ग्वालटोली इलाके में नगर पालिका के सफाई के दावों की हवा निकल गई है। बुधवार को हुई हल्की सी बारिश के बाद ही पूरे मोहल्ले की सड़कें गंदे पानी और कीचड़ से लबालब हो गईं, जिससे यहां की जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था की पोल खुल गई। इस समस्या से परेशान ललिता बाई और सुनीता बाई जैसी स्थानीय महिलाओं ने बताया कि नालियों की सफाई न होने के कारण गंदा पानी अब लोगों के घरों के भीतर तक पहुंच रहा है। इससे न केवल घर का सामान खराब हो रहा है, बल्कि मोहल्ले में बीमारियां फैलने का डर भी पैदा हो गया है। पार्षद के जवाब से नाराजगी रहवासियों ने वार्ड पार्षद पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि जब वे शिकायत लेकर पहुंचे, तो उन्हें मदद के बजाय अजीब जवाब मिला। लोगों के अनुसार, पार्षद ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि “पहले वाले पार्षद से काम क्यों नहीं कराया, अब उसी के पास जाओ।” महीनों से नहीं आए सफाईकर्मी इलाके के लोगों का कहना है कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारी महीनों से यहां नजर नहीं आए हैं। नालियां पूरी तरह चौक होने की वजह से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। हालत यह है कि छोटे बच्चे घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और अक्सर कीचड़ में फिसलकर गिर रहे हैं। आंदोलन की चेतावनी सड़कों पर जमा पानी की वजह से पैदल चलने वालों और वाहन चालकों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। परेशान रहवासियों ने साफ कहा है कि अगर जल्द ही पक्का नाला नहीं बनाया गया या सड़क को ठीक नहीं किया गया, तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे।


