भास्कर न्यूज | रामानुजगंज ग्राम महावीरगंज स्थित न्यू मॉडल पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, युवा जनपद सदस्य अशर्फी यादव, राजकुमार यादव और चौकी प्रभारी अश्वनी सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। नृत्य, गीत, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि वसंत गुप्ता व रश्मि गुप्ता द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को देखकर विद्यालय की पूरी टीम की मेहनत स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। युवा जनपद सदस्य अशर्फी यादव व राजकुमार यादव ने भी विद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां शिक्षा के साथ-साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी समय-समय पर संचालित की जाती हैं, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। चौकी प्रभारी अश्वनी सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में न्यू मॉडल पब्लिक स्कूल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


