नेताओं ने टिकैत उमराव सिंह और शेख भिखारी को माल्यार्पण कर दिया सम्मान

भास्कर न्यूज | चंदनकियारी चंदनकियारी शहीद चौक स्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद टिकैत उमराव सिंह एवं शेख भिखारी का 168वां शहादत दिवस वेलफेयर सोसायटी की ओर से श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जवाहर लाल माहथा, कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह आदि उपस्थित हुए। सभी ने टिकैत उमराव सिंह की आदमकद प्रतिमा एवं शेख भिखारी की बेदी पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि हमें महापुरुषों की जीवनी से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने डुमरी विधायक पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जनता सच्चाई को समझती है। ढुलू महतो जमीन से जुड़ा नेता हैं। वहीं अनुपमा सिंह ने कहा कि शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह जैसे महान बलिदानियों के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं। देश को आजाद कराने के लिए असंख्य शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना को कमजोर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के रोजगार पर असर पड़ा है। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती रहेगी। इस दौरान अन्य महापुरुषों को सम्मान देने की बात कही गई। लेकिन, कार्यक्रम स्थल से लगभग 20 मीटर की दूरी पर स्थित संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर किसी भी नेता द्वारा माल्यार्पण नहीं किए जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा होती रही। बाद में शाम करीब साढ़े तीन बजे किसान नेता जगन्नाथ रजवार ने माल्यार्पण किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *