विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के विधायक टीकाराम जूली की मां का आज देर रात सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल आईसीयू में शिफ्ट किया था, इसके बाद वेंटीलेटर पर ले लिया। तमाम प्रयासों के बावजूद उनको बचाया नहीं जा सका। इससे पहले जूली की मां चलती देवी की गंभीर स्थिति की सूचना मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वन मंत्री संजय शर्मा, विधायक रफीक खान जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक आज देर शाम बाथरूम में गिरने के बाद वे बेहोश हो गई थी। इसके बाद परिजन उनको लेकर एसएमएस हॉस्पिटल की इमरजेंसी में पहुंचे थे। एसएमएस मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी, हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी समेत अन्य सीनियर डॉक्टर मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने तमाम प्रयास करके उनको इलाज देकर स्थिर किया। इसके बाद उनको मेडिकल आईसीयू में शिफ्ट किया था, जहां स्थिति वापस खराब होने के बाद उनको वेंटीलेटर पर लिया। करीब दो घंटे चले इलाज और डॉक्टर्स के तमाम प्रयास के बाद उनकी मां को नहीं बचाया जा सका। अलवर में कल होगा अंतिम संस्कार सूत्रों के मुताबिक जूली की माताजी की पार्थिव देह को आज देर रात SMS से अलवर उनके निवास पर ले जाया जाएगा। जहां उनका कल अंतिम संस्कार होगा। गहलोत ने जताई संवेदना पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जूली की माता के निधन पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा.. ‘राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री टीकाराम जूली की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति दें।’


