नेपानगर में ट्रांसफार्मर चोर गिरोह पकड़ाया:7 आरोपी गिरफ्तार, 3 साल में 68 वारदातों से 1.70 करोड़ का नुकसान; कबाड़ी भी शामिल

नेपानगर पुलिस ने खेतों से ट्रांसफार्मर की क्वाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी का माल खरीदने वाला एक कबाड़ी भी शामिल है। महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले इस गिरोह ने पिछले तीन सालों में जिले में 68 ट्रांसफार्मरों से क्वाइल चोरी की, जिससे करीब 1.70 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। पुलिस ने आरोपियों के पास से 80 किलो तांबे की क्वाइल और वाहनों सहित कुल 5.15 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देने से पहले दिन में बाइक से क्षेत्र की रेकी करते थे। रात होते ही वे सुनसान खेतों में पहुंचते और कटर मशीन से बिजली के खंभे से ट्रांसफार्मर की लाइन काटकर उसे नीचे गिरा देते थे। इसके बाद औजारों की मदद से ट्रांसफार्मर खोलकर उसमें से महंगी तांबे की क्वाइल निकाल लेते थे। नेपानगर, शाहपुर और निंबोला में बोला धावा यह गिरोह 2024 से लगातार सक्रिय था। 2025-26 में इन्होंने नेपानगर क्षेत्र के ग्राम सीवल, सांईखेड़ा और पलासुर में 7 चोरियां कीं। इसके अलावा निंबोला में 7, शाहपुर में 40 और शिकारपुरा में एक खेत से क्वाइल चोरी की गई। इन चोरियों से बिजली कंपनी को ट्रांसफार्मर बदलने में करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ा। गश्त के दौरान पकड़े गए दो आरोपी, फिर खुला राज थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल ने बताया कि 9 फरवरी 2026 को गश्त के दौरान पुलिस ने अकरम (18) और शरीफ (50) निवासी जलगांव को संदिग्ध हालत में पकड़ा था। न्यायालय से रिमांड लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। आरोपियों पर संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस और 139 मप्र विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। ये आरोपी हुए गिरफ्तार अकरम पिता असलम खान (18), निवासी सावदा, जलगांव। शरीफ पिता नसीर तड़वी (50), निवासी सावदा, जलगांव। अकबर पिता निजाम तड़वी (30), निवासी मारूड, जलगांव। प्रदीप पिता नामदेव अडकमोल (51), निवासी बिटवा, जलगांव। विनोद उर्फ युनुस पिता अहमद तड़वी (40), निवासी खेराला, जलगांव। मेहमूद पिता बिसमिल्ला खां (56), निवासी उस्मानिया पार्क, जलगांव। शफी पिता अलाउद्दीन खटीक (58), निवासी जलगांव (कबाड़ी)। 5 लाख से ज्यादा का माल जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पाना, पिंचीस, तोल कांटा, इलेक्ट्रिक कटर और 80 किलो तांबे की क्वाइल जब्त की है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दो बाइक (बजाज डिस्कवर MP 12 MG 0583, बिना नंबर की हीरो स्पलेंडर) और एक स्कूटी (MH 19 BR 3918) भी जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 5 लाख 15 हजार रुपए है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शाहबुद्दीन कुरैशी, हेमेन्द्रसिंह चौहान, एएसआई दुर्गा प्रसाद पाल, प्रधान आरक्षक संदीप पटेल, आरक्षक सचिन जाधव और गजेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *