नेशनल साइंस ओलंपियाड में स्वामी विवेकानंद गुरुकुलम के चार बच्चों को मिला गोल्ड मेडल

भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित नेशनल साइंस ओलंपियाड सत्र 2025-26 में स्वामी विवेकानंद गुरुकुलम के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल ऑफ एक्सीलेंस) हासिल किया। कक्षा 1 के छात्र बासो हांसदा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 47 वीं रैंक तथा जोनल स्तर पर 30 वीं रैंक प्राप्त की है। साथ ही उन्होंने विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 6 के छात्र सूरज मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय रैंक 535 एवं जोनल रैंक 172 प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 7 के छात्र तुषार कुमार तथा अमन कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 728 वीं रैंक एवं जोनल स्तर पर 206 वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान अर्जित किया। इन सभी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए स्वर्ण पदक उत्कृष्टता से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिया गया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्रत्येक छात्र के प्रयास को सराहते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया, ताकि वे भविष्य में और भी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लें। विद्यालय के चेयरमैन डॉ सुब्रत विश्वास ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *