नेशनल हाईवे पर यात्रियों को आंखों में मिर्ची डालकर लूटने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का राजगढ़ की कुरावर पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया है। पुलिस ने राजस्थान के झालावाड़ जिले के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पीड़ित से लूटी गई ₹1 लाख 26 हजार 400 रुपए की पूरी राशि के साथ-साथ मोबाइल, पर्स और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में एडिशनल एसपी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि यह वारदात 24 जनवरी 2026 को हुई थी। ब्यावरा निवासी गोपाल दास यादव भोपाल से अपनी चार पहिया वाहन से लौट रहे थे। तीज बड़ली के पहले नेशनल हाईवे पर तीन अज्ञात युवकों ने हाथ का इशारा कर उनका वाहन रुकवाया। मदद के बहाने रुकते ही आरोपियों ने अचानक फरियादी की आंखों में मिर्ची डाल दी और उसे उसी के वाहन में बंधक बना लिया। आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया। डरा धमकाकर फोन से ट्रांजेक्शन करवाए थे
इसके बाद, मोबाइल का पासवर्ड पूछकर उसे डराया-धमकाया और अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दुकानों के माध्यम से उसके बैंक खाते से कुल ₹1.26 लाख की नकदी निकाल ली। पीड़ित किसी तरह आरोपियों की पकड़ से छूटकर थाना कुरावर पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की। कुरावर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। राजस्थान से गिरफ्तार कर लाई पुलिस
पुलिस ने राजस्थान के अकलेरा क्षेत्र से संजय उर्फ संजू मीणा, रंजीत मीणा और जीतमल मीणा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात के समय सुनसान हाईवे पर चार पहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। खुद को मददगार बताकर वाहन रुकवाना, आंखों में मिर्ची डालना और फिर पीड़ित को बंधक बनाकर लूट करना इनका तय तरीका था। आरोपी पहचान छिपाने के लिए चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते थे और महंगे होटलों में ठहरते थे। पुलिस रिकॉर्ड में भी दो आरोपियों के खिलाफ पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि यह गिरोह लंबे समय से वारदातों को अंजाम दे रहा था।


