सीकर से जयपुर जाने वाले नेशनल हाईवे पर आज सड़क डालने वाली मशीन में आग लग गई। आग इतनी ज्यादा तेज थी कि इसकी लपटें ऊंची उठी। मशीन में रखा डामर और उसका लिक्विड ज्यादा गर्म होने की वजह से आग लगने की आशंका रही। इस घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। गोकुलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। SHO प्रीति बेनीवाल के मुताबिक नेशनल हाईवे पर बाजोर में प्रिंस हॉस्पिटल के सामने वर्तमान में सड़क डालने का काम किया जा रहा है। आज मशीन के द्वारा यहां पर सड़क डाली जा रही थी। इसी दौरान अचानक मशीन में आग लग गई। वहां पर काम कर रहे मजदूरों और स्टाफ ने इसकी सूचना ठेकेदार को दी। साथ ही पुलिस को मामले से अवगत करवाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं सड़क डालने वाली कंपनी के ठेकेदार के द्वारा पानी के टैंकर को बुलाया गया। करीब आधे घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। मशीन में पीछे की तरफ डामर और लिक्विड रखा हुआ था। ऐसे में अंदेशा है कि इसी वजह से हाईवे पर सड़क डालने के दौरान आग लग गई होगी। वहीं आपको बता दें कि सड़क डालने की वजह से जहां आज यातायात को एकतरफा तो किया ही गया था। वहीं घटना होने के बाद हाईवे पर गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। हालांकि गोकुलपुरा पुलिस ने जाम खुलवाया।


