कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉली शर्मा ने नेशनल हेराल्ड मामले में भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। धनबाद में जिला कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध के लिए ED का इस्तेमाल कर रही है। डॉली शर्मा ने स्पष्ट किया कि यंग इंडिया एक नॉट-फॉर-प्रॉफिट कंपनी है। एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड की संपत्तियों पर किसी का व्यक्तिगत दावा नहीं है। इन संपत्तियों को ट्रांसफर भी नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी तरह की मनी लॉन्ड्रिंग नहीं हुई है। भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा मोदी के खिलाफ बोलने के बाद ही सरकार ने यह मामला दोबारा खोला है। कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि नेशनल हेराल्ड की स्थापना 1937 में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हुई थी। उन्होंने केंद्र सरकार पर स्कूली किताबों से स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को हटाने का आरोप भी लगाया। डॉली शर्मा के अनुसार भाजपा देश के सामने मौजूद महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस इस राजनीतिक साजिश का सीधे सामना करेगी और सत्य की जीत होगी।


