नेशनल हेराल्ड केस में भाजपा युवा मोर्चा का विरोध-प्रदर्शन:राहुल गांधी का पुतला फूंका, चेची ने कहा- कांग्रेस नेताओं को देश की संपत्ति लूटने का अधिकार नहीं

जयपुर में भाजपा युवा मोर्चा ने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। छोटी चौपड़ पर शुक्रवार को हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाया। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची ने कहा- यह 2000 करोड़ से अधिक का घोटाला है। उन्होंने बताया कि 1937 में नेशनल हेराल्ड की शुरुआत हुई थी। उस समय 5000 शेयर होल्डर थे। यह संपत्ति स्वतंत्रता सेनानियों की है, किसी खानदान की जागीर नहीं। चेची ने कहा- 50 लाख रुपए में 90 करोड़ का राइट ऑफ होना और करोड़ों की संपत्ति एक अनजान कंपनी के हाथ जाना ही ‘गांधी मॉडल ऑफ डेवलपमेंट’ है। सोनिया और राहुल गांधी बेल पर हैं। कोर्ट ने उन्हें सिर्फ व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट दी है। वे 4 साल से कोई जवाब नहीं दे पा रहे हैं। युवा मोर्चा के जयपुर शहर जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह पुरूवंशी ने कहा- कांग्रेसी नेताओं को जांच में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक परिवार ने राष्ट्र की हजारों करोड़ की संपत्ति पर षड्यंत्र कर कब्जा कर लिया। मोदी सरकार में कानून अपना काम कर रहा है और करता रहेगा। प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री अमित कुमार नारनोलिया, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रीति शर्मा, लोहित सिंह चौहान, विशाल पार्थ, कमल स्वामी और डेनपाल सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *