कोटा रेंज आईजी राजेंद्र गोयल ने बूंदी के नैनवां हिण्डौली थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों, सीएलजी सदस्यों और आमजन के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने नैनवा में अपराध नियंत्रण के लिए एक विशेष टीम बनाने की घोषणा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करना था। बैठक के दौरान विभिन्न प्रतिनिधियों ने अपनी मांगें और सुझाव रखे। व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल ने शहर में बढ़ती चोरियों और अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग की। वहीं, अवधेश जैन ने चोरी के मामलों में बरामदगी के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
मोनू सैनी ने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े अपराधों पर रोक लगाने की मांग की। पार्षद आबिद हुसैन ने बस स्टैंड पर पुलिस चौकी और हाईवे पर नया थाना स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील
आईजी राजेंद्र गोयल ने आश्वासन दिया कि कोटा-झालावाड़ की तर्ज पर नैनवा में भी अपराधों पर सख्ती से लगाम लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए पुलिस और आमजन के सहयोग से एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा।
आईजी ने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने प्रतिष्ठानों और घरों में कार्यरत चौकीदारों का सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। बस स्टैंड पर पुलिस चौकी स्थापित करने के प्रस्ताव पर आईजी ने एसपी राजेंद्र मीणा को व्यवस्थाएं देखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएलजी सदस्यों की नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए।
जिला कांग्रेस एससी मोर्चा अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा, सीता देवी साथीन और समाजसेवी ललित जैन ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए आभार जताया। छात्रों को थाने का भ्रमण कराकर कार्यप्रणाली की दी जाएगी जानकारी
युवाओं में पुलिस के प्रति सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से आईजी गोयल ने एक नवाचार की घोषणा की। इसके तहत छात्रों को थाने का भ्रमण कराकर पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में एसपी राजेंद्र मीणा और डीएसपी राजू लाल मीणा ने आईजी राजेंद्र गोयल को उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।


