सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल के बेसमैंट में 70 साल की बुजुर्ग महिला का शव मिला। परिसर में मौजूद कुछ लोग हत्या की आशंका जताने लगे। आनन फानन में एसीपी समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी रामपति के रूप में हुई है। बाहर जाने की बजाय पहुंचा बेसमैंट
पुलिस के मुताबिक पूर्वी चंपारण निवासी विजय राम सोमवार दोपहर एक बजे के करीब मां, पत्नी और बहन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। मां रामपति को टीबी की बीमारी थी। उसकी बहन को वायरल बुखार है। पत्नी भी गर्भवती है। ऐसे में विजय तीनों को एक साथ दिखाने आया था। दोपहर एक बजकर नौ मिनट पर उसने मां का पर्चा बनवाया। इसके बाद डॉक्टर को दिखाकर उसकी दवा ली। ढाई बजे के करीब जब वह चलने फिरने में असमर्थ मां को लेकर बाहर निकल रहा था तभी भटककर बेसमैंट में जा पहुंचा। बेसमैंट में मां का दम फूला
मां का जब नीचे बेसमैंट में दम फूलने लगा तो विजय भागकर पहली मंजिल पर मौजूद बहन के पास गया और नीचे बेसमैंट में चलकर मदद करने की बात कही। विजय जब बहन के साथ बेसमैंट में पहुंचा तो उसकी मां मृत अवस्था में मिली। इस दौरान सफाई कर्मी समेत अन्य लोग भी नीचे पहुंच गए। देखते ही देखते बेसमैंट में लोग जमा होने शुरु हो गए। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शरीर पर नहीं है चोट के निशान
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस का दावा है कि मृतका के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। वहीं मौके पर मौजूद कुछ लोग महिला की हत्या होने की आशंका भी जता रहे हैं। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक मृतका के परिजनों ने मामले की शिकायत नहीं दी है। शिकायत अगर मिलती है तो उसी हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल परिवार में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है।


