नोडल पदाधिकारी ने की ईवीएम वेयरहाउस की जांच

बोकारो | शुक्रवार को कैंप-2 स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी अजय नाथ झा द्वारा किया गया। इस दौरान ईवीएम स्टेट नोडल पदाधिकारी, मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग देवदास दत्ता एवं विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी उपकरणों की स्थिति और विधिक मानकों के अनुपालन की समीक्षा की। पदाधिकारियों ने ईवीएम की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा बंदोबस्त, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र, यूपीएस बैकअप, विद्युत और अन्य तकनीकी सुविधाओं की जानकारी ली। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के तहत प्रत्येक माह व त्रैमासिक ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण अनिवार्य है। मशीनों की स्थिति, सुरक्षा एवं उपकरणों की क्रियाशीलता संबंधी प्रतिवेदन मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग रांची को नियमित भेजा जाना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *