झिलाय| नोहटा गांव में प्राचीन जिंद बाबा के स्थान पर नवनिर्मित मंदिर में 3 मई को मां वैष्णो देवी, रामदरबार और जिंद बाबा की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा होगी। गाड़िया लोहार जनजाति परिवार की बेटी साध्वी नाथी बाई ने लगभग 40 लाख रुपए की लागत से इस मंदिर का निर्माण करवाया है। मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारी के लिए कर्मानंद गिरी महाराज की सानिध्य में ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साध्वी नाथी बाई ने बताया कि उनके पूर्वजों ने महाराणा प्रताप की सेना में शामिल होकर मुगलों से मेवाड़ को आजाद कराने तक घर में स्थायी रूप से न रहने की कसम खाई थी। ईश्वर और पूर्वजों की प्रेरणा से वे पिछले 15 वर्षों से सनातन धर्म और समाज सुधार के कार्य कर रही हैं।


