भास्कर न्यूज| टिटिलागढ़ नुआपाड़ा जिले की खड़ियाल पुलिस ने व्यापारी के घर से 54 लाख के जेवर और नकदी की चोरी के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे पूरा माल बरामद भी कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी पीड़ित व्यापारी के घर पर पहले नौकरी कर चुके थे। आरोपियों में भोलेश्वर ठेला, गणेश ठेला, हेमंत कटा और चूड़ामणि कांड शामिल थे। सभी अंचलपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि खड़ियाल निवासी व्यापारी प्रवीण अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 और 16 फरवरी की दरमियानी रात, जब उनका परिवार महाशिवरात्रि की पूजा के लिए मंदिर गया था, तब अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर पूरी तिजोरी ही पार कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमृतपाल सिंह के निर्देश पर खड़ियाल एसडीपीओ उपेंद्र प्रधान के नेतृत्व में सिनापाली, बोडेन और खड़ियाल पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की थी। वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने अंचलपुर गांव से चार संदेहियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का नगदी लगभग 37 लाख 40 हजार 120 रुपये कैश, चांदी के जेवरात करीब 10 लाख रुपए और 7 लाख रुपए के 50 ग्राम सोने के गहने बरामद किए हैं। उनसे 4 मोबाइल और अपराध में इस्तेमाल की गई 2 बाइक भी बरामद की गई है।


