जालंधर| शिव ज्योति पब्लिक स्कूल में बाल वाटिका-एक, बाल वाटिका-दो और बाल वाटिका-तीन के विद्यार्थियों के लिए हरियाली तीज का उत्सव मनाया गया। भांगड़ा और गिद्दा लोकनृत्य पर नन्हें विद्यार्थी ढोल की थाप पर थिरके। छात्राओं ने रंग-बिरंगी चूड़ियां पहनकर, हाथों में मेहंदी रचाई तथा हर्षोल्लास के साथ किकली डालकर तीज का पर्व मनाया। प्रियंका ठुकराल की देखरेख में मिठाइयां बांटते-खाते नौनिहालों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से तीज के पर्व का महत्त्व समझा। प्रधानाचार्या प्रवीण सैली ने नन्हें बच्चों की प्रसन्नता तथा उत्साह देखकर कहा कि प्रत्येक पर्व प्रेम और सौहार्द का प्रतीक होता है। विद्यालय में विभिन्न पर्व मनाने से बच्चों का मानसिक विकास होता है और उन्हें पर्व की सारी जानकारी मिलती है। डॉ. विदुर ज्योति, डॉ. सुविक्रम ज्योति, रमनदीप तथा ममता अरोड़ा ने भी तीज के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं।


