भास्कर न्यूज | गिरिडीह बनियाडीह में गुरुवार को श्रीश्री 108 मां काली मंदिर पिंडी प्राण प्रतिष्ठा सह नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई। सुबह 9 बजे यज्ञ स्थल से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकली। जिसमें 351 महिलाएं और कन्याएं सिर पर कलश लेकर चलीं। पुरुष श्रद्धालु धार्मिक ध्वज लेकर साथ चल रहे थे। गर्मी में भी महिलाएं नंगे पांव चलती रहीं। देवी-देवताओं के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा बनियाडीह क्षेत्र का भ्रमण करते हुए छठ घाट तालाब पहुंची। जहां पुरोहितों ने विधि विधान से कलश में जल भरवाया। इसके बाद यात्रा यज्ञ स्थल लौटी। वहीं श्रद्धालुओं ने कलश का मंडप प्रवेश कराया। महायज्ञ का समापन 23 मई को होगा। हर शाम प्रवचन का आयोजन होगा। अनुष्ठान का संचालन वाराणसी के मुख्य आचार्य अशोक पांडेय, आचार्य मिथिलेश पांडेय, वैदिक गिरी गौतम शास्त्री और अन्य कर रहे हैं। गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शीतल पेयजल और शर्बत की व्यवस्था की गई। लांगटा बाबा स्टील की ओर से फल और शर्बत बांटा गया। कलश यात्रा में दिनेश कुमार यादव, दिलीप पासवान, भाजपा नेता विनय कुमार सिंह, सदानंद जयसवाल, शंकर राणा, अवध बिहारी तिवारी, प्रभुनाथ सिंह, संतोष यादव, सजीवन राम, विभूति भूषण, दिनेश सिंह, राहुल सिंह, विनोद यादव, अजय राम आदि थे।