लुधियाना| शहर में न्यूजपेपर वितरण से जुड़े लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों में अखबार सप्लायर्स पर लगातार हमले हो रहे हैं। बदमाशों ने लूटपाट के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे सप्लायरों और उनके परिवारों में डर का माहौल है। कुछ दिन पहले लुधियाना में न्यूजपेपर सप्लायर के साथ वारदात हुई। बदमाशों ने उनसे नकदी लूट ली और बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने उनके पेट में चाकू मारा और पसलियां भी तोड़ दीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। इसी तरह शुक्रवार सुबह एक और न्यूजपेपर सप्लायर पर हमला हुआ। बदमाशों ने उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे उनके पैर की हड्डी टूट गई। आरोपी उनका मोबाइल फोन, नकद राशि और एक्टिवा लूटकर फरार हो गए। लुधियाना न्यूजपेपर सप्लायर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि वे रोजाना बिना छुट्टी, हर मौसम में तड़के अखबार वितरित करते हैं। कड़ाके की ठंड, बारिश और खराब मौसम में भी वे लोगों तक समय पर अखबार पहुंचाते हैं, लेकिन अब लगातार हो रही वारदातों से उनकी जान खतरे में पड़ गई है। एसोसिएशन का कहना है कि वर्षों से इस पेशे में होने के बावजूद पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं बनी। दिनदहाड़े हो रही इन घटनाओं से शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। अखबार सप्लायर्स ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और अखबार वितरण से जुड़े लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।


