मां शारदा की नगरी मैहर न्यू ईयर के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। नव वर्ष का आगाज मां शारदा के दरबार में मत्था टेक कर करने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए प्रशासनिक और पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था की तैयारी कर ली गई है। ताकि बाहर से आने वाले मां के भक्तों को किसी भी तरह की कोई समस्या न आए। ढाई लाख लोगों के आने की उम्मीद हर साल की तरह इस साल भी न्यू ईयर में 1 जनवरी को मां शारदा के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में भक्तों के मैहर पहुंचने की उम्मीद है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पिछले वर्षों के न्यू ईयर को देखते हुए इस साल भी लगभग ढाई लाख भक्त मां की चौखट पर पहुंच आशीर्वाद लेंगे। साल में चैत्र और शारदेय नवरात्रि के बाद सिर्फ न्यू ईयर में ही भक्तों की इतनी भीड़ मैहर में एक दिन में देखी जाती है। ड्रोन से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी न्यू ईयर में भारी भीड़ को देखते हुए रीवा रेज महानिरीक्षक से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। इसके अलावा मंदिर परिसर में ड्रोन की मदद से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने बताया कि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की समस्या न हो। इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश पुलिस अधिकारियों को दे दिए गए हैं। भक्तों के मंदिर तक पहुंचने के चार चरण रहेंगे। पार्किंग स्थल, मेला परिसर, पहाड़ी परिक्रमा पथ और मंदिर स्थल सभी जगह चाक चौबंद व्यवस्था रहेगी। सम्पूर्ण मेला और मंदिर परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में रहेगी। मार्ग दुरुस्त करने को कहा गया मंदिर जाने वाले मार्ग पर सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है। ऐसे में न्यू ईयर के दिन भक्तों की भीड़ को देखते हुए ठेका कंपनी को पूरा मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि यातायात बाधित न हो।


