न्यू क्लॉथ मार्केट से युवक का किडनैपिंग:डेढ़ घंटे में पुलिस ने छुड़वाया, 6 आरोपियों को किया डिटेन

चित्तौड़गढ़ शहर के न्यू क्लॉथ मार्केट में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक को उठाकर ले जाने की घटना सामने आई। बोरदा निवासी कालू माली बाजार में एक मोबाइल की दुकान पर अपने फोन में टेंपर ग्लास लगवाने आया था। शाम को एक स्कॉर्पियो गाड़ी थोड़ी दूर आकर रुकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी में छह लोग सवार थे। इनमें से दो युवक नीचे उतरे और बात करने के बहाने कालू के पास पहुंचे। कुछ ही देर में वे उसे जबरदस्ती खींचते हुए गाड़ी की ओर ले गए, जहां दो अन्य लोग पहले से मौजूद थे। आसपास मौजूद लोगों के मुताबिक बदमाशों ने युवक की आंखों में मिर्ची डाल दी और चाकू दिखाकर उसे धमकाया, फिर उसे गाड़ी में बैठाकर तेजी से वहां से फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में, सीसीटीवी फुटेज खंगाले एडिशनल एसपी सरिता सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थोड़ी ही देर में एडिशनल एसपी सरिता सिंह और थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत भी जाब्ते के साथ पहुंचे। पुलिस ने तुरंत आसपास के दुकानदारों से जानकारी ली और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में एक स्कॉर्पियो गाड़ी नजर आई, जिस पर भीलवाड़ा जिले का नंबर दर्ज था। पुलिस को यह भी पता चला कि गाड़ी बूंदी रोड की ओर गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बस्सी, गंगरार, साडास और पारसोली थानों को तुरंत सूचना दी गई। सभी जगह नाकाबंदी कर दी गई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी गई। शहर और आसपास के इलाकों में पुलिस की गाड़ियां सक्रिय हो गईं और हर आने-जाने वाले वाहन पर नजर रखी जाने लगी। गंगरार में घेराबंदी कर युवक को सुरक्षित छुड़ाया तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि किडनैप हुए युवक को गंगरार की ओर ले जाया गया है। इस पर कोतवाली थाना पुलिस ने तुरंत गंगरार थाना पुलिस से संपर्क किया। दोनों थानों के साथ साडास थाने की पुलिस ने मिलकर इलाके में घेराबंदी की। महज डेढ़ घंटे के भीतर पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी को पकड़ लिया और कालू माली को सुरक्षित छुड़वा लिया। लेकिन युवक में चाकू लगने से घायल हो गया। युवक को तुरंत पुलिस सुरक्षा में लिया गया। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान भीलवाड़ा निवासी रतन माली, मनीष माली, चेतन माली, आशीष सुथार, शंभुलाल बलाई और रमेश चंद्र बलाई के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को कोतवाली थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। वहीं युवक को मेडिकल के लिए ले जाया गया। पुरानी रंजिश बनी वारदात की वजह प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब एक महीने पहले कालू माली और मुख्य आरोपी रतन माली के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच पारिवारिक या सामाजिक रूप से पहले से रंजिश थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अपहरण की साजिश कब और कैसे रची गई। बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल हो गया था, हालांकि पुलिस की तुरंत कार्रवाई से युवक को सुरक्षित छुड़ा लिए जाने पर आमजन ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *