पंचायतों में धीमा काम, 100 सचिवों के वेतन रोकने निर्देश

भास्कर न्यूज | गरियाबंद जिले की ग्राम पंचायतों में योजनाओं के क्रियान्वयन में धीमी प्रगति पर जिला पंचायत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर 100 ग्राम पंचायत सचिवों का जनवरी 2026 का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, समर्थ पोर्टल, ग्राम संपदा, 15वें वित्त सहित अन्य शासकीय योजनाओं की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही थी। पंचायत स्टार में सतत निरीक्षण और जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकों में बार-बार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कई ग्राम पंचायतों में कार्यों की गति संतोषजनक नहीं पाई गई। स्थिति को गंभीर मानते हुए जनपद पंचायत मैनपुर के 57 ग्राम पंचायत सचिवों तथा जनपद पंचायत देवभोग के सभी 43 ग्राम पंचायत सचिवों का जनवरी माह का वेतन रोक दिया गया है। जिला पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई ग्राम पंचायतों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *