पंचायत चुनाव के लिए फाइनल वोटर लिस्ट जारी:6 हजार से ज्यादा नए मतदाता जुड़े, चित्तौड़गढ़ जिले में 9 लाख 72 हजार मतदाता दर्ज

राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत चित्तौड़गढ़ जिले की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी है। नई सूची के अनुसार जिले की 11 पंचायत समितियों में अब कुल 9 लाख 72 हजार 701 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 4 लाख 86 हजार 740 पुरुष, 4 लाख 85 हजार 949 महिलाएं और 12 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार मतदाताओं की संख्या में कुल 6 हजार 531 की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले प्रारूप प्रकाशन के समय जिले में 9 लाख 66 हजार 170 मतदाता थे। फाइनल लिस्ट जारी होने के बाद अब पंचायत चुनाव की तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है। प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट और पारदर्शी तरीके से तैयार किया गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारू रूप से पूरी की जा सके। दावे और आपत्तियों का निस्तारण कर जारी की गई अंतिम सूची उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन प्रभा गौतम ने बताया कि 1 जनवरी 2025 को मानते हुए मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 की घोषणा की गई थी। इसके तहत 29 जनवरी 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया गया था। ड्राफ्ट जारी होने के बाद आम लोगों से प्रपत्र 1 से 3 के माध्यम से दावे और आपत्तियां मांगी गईं। 29 जनवरी से 16 फरवरी तक मिले आवेदनों की जांच की गई। इस दौरान कुल 30 हजार 51 दावे प्राप्त हुए, जिनमें से 29 हजार 875 को स्वीकार किया गया और 176 को निरस्त कर दिया गया। इसी तरह, 20 हजार 104 आपत्तियां मिलीं, जिनमें से 20 हजार 39 को स्वीकार किया गया जबकि 65 आपत्तियां खारिज की गईं। सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद बुधवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। राजनीतिक दलों के साथ बैठक, पारदर्शिता पर जोर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक भी आयोजित की गई। यह बैठक उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभा गौतम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई और बताया गया कि सभी दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *