भास्कर न्यूज | कुकदूर ग्राम पंचायत लोखान में प्राथमिक स्कूल संचालित है। यहां बीते दो साल से स्कूल भवन नहीं है। जर्जर हो चुके स्कूल भवन को डिस्मेंटल कर दिया गया, लेकिन आज तक नया भवन नहीं बनाया गया। नतीजतन ग्राम पंचायत के एक अतिरिक्त कक्ष में कक्षा पहली से पांचवीं तक की सभी कक्षाएं एक साथ लग रही हैं। प्रधान पाठक सुनील सिंह ठाकुर ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं। इनमें से एक सहायक शिक्षक को संकुल समन्वयक की जिम्मेदारी मिली हुई है। विभाग को कई बार भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम पंचायत के सरपंच अभय मरावी ने भी कहा कि वे कई बार अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक पहल नहीं हुई है। स्कूल में 38 बच्चे दर्ज: स्कूल में कक्षा पहली से पांचवीं तक के 38 बच्चे दर्ज हैं। पहली में 10, दूसरी में 4, तीसरी में 7, चौथी में 7 और पांचवीं में 9 बच्चे अध्ययनरत हैं। गांव के लोग कहते हैं कि एक कमरे में पांच कक्षाओं की पढ़ाई से बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। इसे लेकर पालकों की फिक्र बढ़ गई है। इनका कहना है समस्या दूर की जाए। इधर पालकों का यह भी कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसे लेकर कई बार संबंधित अफसरों को अवगत कराया गया है। लेकिन अब तक समस्या बनी हुई है। इस ओर गंभीरता से ध्यान देकर समाधान किया जाए तो बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी।


