पंजाब के एक सिख दंपती ने दिल्ली के गुरुद्वारा शीश गंज साहिब के बाहर बेअदबी का आरोप लगाया। दंपती ने इसके कई वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि गुरुद्वारा साहिब के वॉशरूम में बीड़ी-तंबाकू और सिगरेट का इस्तेमाल होता है। खन्ना के रहने वाले गुरप्रीत गोरू ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब के गेट के बाहर लोग सरेआम सिगरेट पीते हैं, बीड़ियां पीकर फेंकते हैं, तंबाकू गिरा होता है। लेकिन इन पर एक्शन नहीं लिया जाता। गोरू ने कहा कि वे 8 महीने पहले खन्ना सिटी से यहां माथा टेकने आए थे। यहां पर हो रही बेअदबी का मसला उठाया तो उनको टारगेट किया जाने लगा। दंपती ने कहा कि वह पंजाब से यहां पर अपना रोजगार चलाने के लिए आए थे। गुरुद्वारा साहिब के बाहर चाय का अड्डा लगाया तो गुरुद्वारा के कुछ लोगों ने अड्डा नहीं लगाने दिया। बेअदबी का मसला उठाने पर उनका अड्डा जमने नहीं दिया जा रहा। गोरू की पत्नी ने कहा कि उनको धमकियां दिलाई जा रही हैं। 1 दिन पहले (26 फरवरी) को वे खन्ना से दिल्ली आ रहे थे तो किसी का फोन आया। उसने कहा कि दिल्ली आओगे तो टांगे तोड़ देंगे। यहां तुम बीड़ी सिगरेट बंद नहीं करवा सकते। गोरू और उसकी पत्नी ने वीडियो शेयर कर पंजाब की सिख जत्थेबंदियों से कहा कि उनकी मदद की जाए। उनको अड्डा लगाने दिया जाए और यहां हो रही बेअदबी को लेकर भी बात की जाए। गोरू ने कहा कि हालांकि उनके वीडियो बनाने के बाद इतना जरूर हुआ है कि गुरुद्वारा प्रबंधन ने वॉशरूम की सफाई करवा दी है जो अच्छी बात है। वीडियो में दंपती ने ये पॉइंट उठाए… गुरुद्वारा के नंबर से जवाब मिला, कल ही बात हो सकेगी
बेअदबी और अड्डा न लगने देने के आरोपी पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की वेबसाइट पर दिए नंबरों पर संपर्क किया गया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दिए नंबरों पर फोन किया तो जवाब मिला कि किसी भी मसले पर कमेटी के मेंबर कल (28 फरवरी) को ही बात कर सकते हैं।


