अमृतसर| खालसा कॉलेज फॉर वुमन के पंजाबी विभाग द्वारा ‘पंजाबी भाषा और कंप्यूटर’ विषय पर 7 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक मामलों की डीन डॉ. सुरिंदर कौर, भाषाओं की डीन डॉ. रमिंदर कौर तथा कॉलेज के पंजाबी विभाग की प्रमुख प्रो. रविंदर कौर ने मुख्य वक्ता के रूप में पधारे पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला के सहायक प्रोफेसर डॉ. सीपी कम्बोज का पौधा भेंट कर स्वागत किया। कार्यशाला के दौरान डॉ. सुरिंदर कौर ने डॉ. कम्बोज का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा की ओर प्रेरित किया तथा ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए विभाग की सराहना की। डॉ. रमिंदर कौर ने विद्यार्थियों को कंप्यूटर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के व्यावहारिक उपयोग के माध्यम से पंजाबी भाषा और साहित्य से जुड़े रहने का संदेश दिया। डॉ. कम्बोज ने अध्यापकों और विद्यार्थियों को फॉन्ट्स, टाइपिंग, विभिन्न सॉफ्टवेयरों के उपयोग तथा डिजिटल तकनीकों को मातृभाषा पंजाबी में समझने संबंधी सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।


