नमस्कार, होली के अगले रोज नो न्यूज पेपर डे रहता है। यानि आज अखबार नहीं आएगा। ऐसे में दैनिक भास्कर डिजिटल एप आपके लिए लाया है कल कि वो 10 बड़ी खबरें, जिन्होंने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा। पढ़िए सभी 10 खबरें… जालंधर में महिला को रसौली थी, डॉक्टरों ने डायलिसिस कर दिया जालंधर के प्राइवेट अस्पताल सर्वोदया पर गलत इलाज का आरोप लगाकर महिला मरीज और उसके परिजनों ने हंगामा किया। मरीज का कहना है कि उसे रसौली थी, जिसका इलाज करवाने के लिए वह 2 साल पहले यहां आई थी। महिला के कहा कि यहां डॉक्टरों ने उसे किडनी की समस्या बता दी। बाजू में डब्बी जैसा कुछ लगा दिया और डायलिसिस करना शुरू कर दिया। इसके बाद मां पर किडनी देने का दबाव डाला। (पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर में महिला वकील को थर्ड डिग्री देने का आरोप
अमृतसर में सीआईए स्टाफ और महिला वकील विवाद ने तूल पकड़ लिया है। कोर्ट में पेशी के दौरान महिला वकील ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। वकील ने रोते हुए अदालत में कहा कि उन्होंने पहले CIA स्टाफ के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी रंजिश में पुलिस ने उनके खिलाफ झूठा केस दर्ज कर दिया। उनका आरोप है कि उन्हें बाजार से जबरन उठाया गया और थाने ले जाकर मारपीट की गई। उन पर समझौता करने का दबाव बनाया जाता रहा, लेकिन जब उन्होंने इनकार किया तो उन्हें थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया। (पढ़ें पूरी खबर) कनाडा में सिख सांसद ने संपत्ति की जानकारी छिपाई कनाडा में पंजाबी मूल के लिबरल पार्टी के सांसद रणदीप सिंह सराय पर सरकार ने सख्त कार्रवाई की गई। कैनेडियन मीडिया रिपोर्ट्स मे मुताबिक रणदीप सिंह सराय को कनफ्लिक्ट ऑफ इंट्रेस्ट एक्ट का दोषी पाया गया और उन पर 200 डॉलर का जुर्माना लगाया गया। इस मामले में अधिकतम जुर्माना 500 डॉलर है। रणदीप सिंह सराय पर आरोप है कि उन्होंने सेक्रेटरी ऑफ स्टेट फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट नियुक्त होने पर अपनी संपत्ति को सार्वजनिक नहीं किया। नियम के मुताबिक उन्हें 60 दिन के भीतर अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक नहीं किया। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में छठी क्लास की छात्रा ने किया सुसाइड लुधियाना में छठी क्लास की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा स्कूल से परीक्षा देकर घर लौटी और उसके कुछ देर बाद कमरे में चले गई। कमरे में उसने पंखे पर फंदा लगाया। परिवार को तब पता चला जब देर शाम तक छात्रा कमरे से बाहर नहीं आई और उन्होंने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब खिड़की से झांक कर देखा तो अंजलि का शव पंखे से लटका हुआ था। परिजनों के शोर मचाने पर पड़ोसी इकट्ठा हुए और बच्ची को फंदे से नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। (पढ़ें पूरी खबर) फाजिल्का में व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों में विवाद फाजिल्का में व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंतिम संस्कार के दौरान मृतक की पहली पत्नी और उसके परिजनों के पहुंचने से विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान काला सिंह (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से श्री मुक्तसर साहिब जिले के लंबी हलके के फत्तूहीवाला गांव का निवासी था। उसकी पहली शादी परमजीत कौर से हुई थी। करीब 15 साल पहले घरेलू विवाद के कारण पहली पत्नी से अलग हो गया था और अबोहर के सीट फार्म गांव में दूसरी पत्नी किंदर कौर के साथ रह रहा था। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में BMW कार की टक्कर से इकलौते बेटे की मौत लुधियाना के फुलावल चौक पर देर रात सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार BMW कार ने बाइक सवार 24 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लाल जी (24) के रूप में हुई है। वह पेशे से माली था और काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। मृतक लाल जी मोती बाग कॉलोनी का रहने वाला था। माता-पिता का इकलौता बेटा था। पूरे घर का खर्च वही उठाता था। परिजनों ने रोते हुए बताया कि लाल जी के पिता काम करने में असमर्थ हैं क्योंकि उनके हाथ में रॉड डली हुई है। (पढ़ें पूरी खबर) तरनतारन में मुठभेड़, 2 बदमाशों को गोली लगी तरनतारन में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें 2 बदमाशों को गोली लगी। दोनों आरोपी AAP के सरपंच हरबिंदर सिंह के मर्डर केस में वाटेंड थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये आरोपी गांव घरका के मंड एरिया में घरका से सुल्तानपुर जाने वाली सड़क के पास छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी की। जब पुलिस ने आरोपियों को बाहर आने के लिए कहा, तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। घायल आरोपियों को तुरंत सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती कराया गया। उनकी पहचान गुरदेव सिंह बाबा निवासी श्री खडूर साहिब और मनप्रीत सिंह मन्ना निवासी वरपाल के रूप में हुई है। (पढ़ें पूरी खबर) मोगा में मुखबिरी के शक में भाई-बहन पर हमला मोगा में पुलिस को मुखबिरी करने के शक में भाई-बहन से मारपीट की गई। घायल अवस्था में दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। सिविल अस्पताल में भर्ती अजय कुमार ने बताया कि वे एफसीआई रोड के निवासी हैं। वे किसी काम से अपने ससुराल गए थे और जब वापस घर लौटे तो उनकी ही गली में रहने वाले कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। अजय के अनुसार, आरोपियों ने उन पर पुलिस को नशा तस्करों, विशेषकर ‘चिट्टा’ बेचने वालों की मुखबिरी करने का शक जताया। (पढ़ें पूरी खबर) मानसा में डबल हत्याकांड, पड़ोसी निकला हत्यारा मानसा के सरदूलगढ़ में हुए डबल हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने 6 दिन बाद सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में पड़ोसी युवक गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मानसा के एसपी मनमोहन सिंह औलख ने बताया कि सरदूलगढ़ में 23 फरवरी को जसवीर सिंह और उनके माली बलदेव सिंह की हत्या कर दी गई थी। गुरप्रीत ने पुलिस पूछताछ में बताया कि जसवीर सिंह ने उसके पिता घोना सिंह को चाय में कुछ मिलाकर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इसी बात का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। (पढ़ें पूरी खबर) जालंधर में सरपंच हमले के आरोपी का एनकाउंटर जालंधर के महतपुर में बूटे छन्ना गांव के सरपंच पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी का एनकाउंटर कर दिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। जख्मी हालत में उसे सरकारी अस्पातल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का एनकाउंटर महतपुर के पास घुम्मन पैलेस के नजदीक किया गया। आरोपी की पहचान सुखजीत सिंह उर्फ शीलू के रूप में हुई है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस नाका लगा रखा था। आरोपी नाका तोड़कर भागा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। (पढ़ें पूरी खबर)


