पंजाब के मंत्री की अमेरिका यात्रा पर केंद्र की रोक:विदेश मंत्रालय ने नहीं दी मंजूरी; गायों के लिए सीमन की डील करनी थी

पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडि्डयां को विदेश मंत्रालय ने अमेरिका यात्रा की मंजूरी देने से इनकार कर दिया। खुडि्डयां को अधिकारियों के साथ 29 मार्च से 6 अप्रैल तक अमेरिका के विस्कॉन्सिन स्थित ABS ग्लोबल की लैब का दौरा करना था। यहां उन्हें पंजाब के डेयरी किसानों के लिए होल्स्टीन फ्रीजियन (HF) नस्ल की गायों के लिए सेक्स्ड सीमन प्राप्त करने के लिए समझौता करना था। यात्रा का पूरा खर्च पंजाब पशुधन विकास बोर्ड की तरफ से होना था। उन्होंने मार्च के पहले हफ्ते में यात्रा के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा था। हालांकि विदेश मंत्रालय ने यात्रा की मंजूरी देने से मना कर दिया। अधिकारी बोले- ABS ग्लोबल पंजाब में लैब बनाना चाहता था
पंजाब सरकार के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया- “पंजाब सरकार ABS ग्लोबल के साथ HF नस्ल की गायों के लिए सेक्स्ड सीमेन प्राप्त करने के लिए बातचीत कर रही थी। अधिकतर डेयरी किसान गिर या साहीवाल नस्लों की तुलना में HF गायों को प्राथमिकता देते हैं, क्योंकि ये प्रति दिन 81 लीटर तक दूध देती हैं। 30 लाख गायों के लिए कृत्रिम गर्भाधान का उपयोग किया जाता है, लेकिन सेक्स्ड सीमन केवल 1.5-1.75 लाख गायों के लिए ही उपलब्ध है। डेयरी विकास में आगे बढ़ने का तरीका है कि हर साल कम से कम 5 लाख सेक्स्ड सीमन प्राप्त किए जाएं ताकि अधिक संख्या में गायें पैदा हों। ABS ग्लोबल, पंजाब में एक लैब स्थापित करने के लिए बातचीत कर रहा था। हम इस समझौते को औपचारिक रूप देना चाहते थे, लेकिन अब इसमें देरी होगी।” CM मान, मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को भी नहीं मिली थी मंजूरी CM मान को पेरिस ओलिंपिक में जाने की परमिशन नहीं मिली
यह पहली बार नहीं है जब पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के किसी मंत्री को राजनीतिक मंजूरी नहीं दी गई है। इससे पहले, 2023 में मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपनी पेरिस यात्रा के लिए अनुमति नहीं मिली थी। भगवंत मान ओलिंपिक के उद्घाटन समारोह में भाग लेने की इच्छा जताई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने उन्हें इसकी परमिशन नहीं दी। सरकार के अनुसार, यह यात्रा राज्य के विकास से संबंधित नहीं थी, इसलिए इसे अस्वीकार कर दिया गया। अमन अरोड़ा का जर्मनी और बेल्जियम दौरा रद्द
साल 2022 में पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा को जर्मनी और बेल्जियम की यात्रा पर जाना था, जहां उन्हें सौर ऊर्जा और अक्षय ऊर्जा से जुड़े विभिन्न समझौतों पर चर्चा करनी थी। हालांकि, केंद्र सरकार ने यह कहते हुए यात्रा की परमिशन देने से इनकार कर दिया कि यह आवश्यक नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को भी परमिशन नहीं मिली
पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को 2023 में उनके एक अंतरराष्ट्रीय दौरे के लिए मंजूरी नहीं दी गई थी। संधवां को अमेरिका के केंटकी में एक कार्यक्रम का हिस्सा बनना था। उन्हें विदेश में संसदीय अध्ययन से जुड़े एक कार्यक्रम में भाग लेना था, लेकिन उन्हें भी केंद्र सरकार की ओर से परमिशन नहीं मिली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *