पंजाब और चंडीगढ़ में आज (बुधवार, 4 फरवरी) सुबह और शाम के समय घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) की तरफ से इस संबंध में यलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, मौसम शुष्क रहेगा। विभाग के मुताबिक आज 15 जिलों में कोहरा होने की संभावना है। इनमें अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, पटियाला, बरनाला, मानसा, फाजिल्का, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, मुक्तसर और बठिंडा शामिल हैं। हालांकि, अमृतसर से अंबाला और अंबाला से दिल्ली हाईवे पर जाने वाले लोगों को पूरे रास्ते आंशिक रूप से छाए बादल मिलेंगे। चंडीगढ़ एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, दिल्ली-चंडीगढ़ आने और जाने वाली 2 फ्लाइट कैंसिल हुईं। जबकि चंडीगढ़ से बेंगलुरू, मुंबई, दिल्ली, गोवा और अबुधाबी जाने वाली फ्लाइट डिले हुई है। इसी तरह मुंबई, दिल्ली, गोवा और अबुधाबी से आने वाली फ्लाइटें लेट पहुंचीं। धुंध की वजह से डिले टाइम दो से तीन घंटे तक रहा। इस हफ्ते 20 डिग्री तक रहेगा तापमान मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जबकि, राज्य के बाकी हिस्सों में 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस सप्ताह के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है। जबकि, न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच रहेगा। चंडीगढ़ में जीरो डिग्री विजिबिलिटी मौसम ने मंगलवार को चंडीगढ़ में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की। जबकि, पंजाब के आदमपुर में 10 मीटर, बल्लोवाल खौंखरी (नवांशहर) में 10 मीटर, बठिंडा में 50 मीटर और हलवारा में 100 मीटर विजिबिलिटी थी। बठिंडा में कोल्ड वेव दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी पंजाब में दर्ज की गई है। पाकिस्तान के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ इस समय पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब इलाके के ऊपर सक्रिय है। इसकी वजह से ऊपरी हवा में एक घुमावदार सिस्टम बना हुआ है, जिसका असर खासतौर पर उत्तर-पूर्वी पंजाब और आसपास के इलाकों में बना हुआ है। हालांकि, यह प्रभाव जमीन से ज्यादा ऊंचाई तक सीमित है। 5 फरवरी 2026 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। वहीं, पंजाब और उससे सटे हरियाणा के ऊपर बना पुराना पश्चिमी विक्षोभ अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है और उसका असर कम होता जा रहा है। 7 दिनों में 3 पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव रहेंगे। ऐसे में अभी ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। मौसम शुष्क रहने की संभावना मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि मौसम शुष्क रहने की पूरी संभावना है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 5, 6 और 7 फरवरी के लिए कोई अलर्ट नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। गत 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, यह सामान्य के करीब है। सबसे कम 3.6 डिग्री तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया। मौसम एक्सपर्ट मानते हैं कि ठंड का पीक टाइम निकल चुका है। अब धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी।


