पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:राहुल गांधी ने मंत्री बिट्‌टू को कहा- गद्दार; विदेशी युवती ₹340 के लिए भिड़ी; बेटे के लिए सुसाइड

नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू से जुड़ी रही, जिन्हें राहुल गांधी ने संसद के बाहर गद्दार कह दिया। बदले में रवनीत बिट्‌टू ने राहुल गांधी को ‘देश का दुश्मन’ कह दिया। चंडीगढ़ की बड़ी खबर निगम कमिश्नर की सरप्राइज चेकिंग रही, जिसमें SDO सस्पेंड हो गया। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1. राहुल गांधी ने रवनीत बिट्‌टू को गद्दार कहा, मंत्री बोले- देश के दुश्मन, हाथ नहीं मिलाया केंद्रीय राज्य मंत्री व लुधियाना से पूर्व सांसद रवनीत बिट्‌टू को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गद्दार दोस्त कह दिया। राहुल ने यहां तक कहा कि डॉन्ट वरी, तुम कांग्रेस में वापस आओगे। इसके जवाब में बिट्‌टू ने राहुल गांधी को देश का दुश्मन कहते हुए कहा कि मेरा तुमसे कोई लेना-देना नहीं है। बिट्‌टू ने राहुल गांधी से हाथ भी नहीं मिलाया। यह तकरार दिल्ली में संसद भवन के बाहर हुई। तकरार को लेकर बिट्‌टू ने कहा कि गांधी परिवार ने पंजाब में आग लगाई, मैं उनसे हाथ नहीं मिला सकता। BJP नेता मनजिंदर सिरसा ने कहा कि राहुल गांधी ने बिट्‌टू को गद्दार कहकर सरदारों का अपमान किया है (पढ़ें पूरी खबर) 2. पंजाब-चंडीगढ़ में धुंध, 6 एक्सीडेंट, एक मौत, मां-बेटी घायल, 15 जिलों में अलर्ट पंजाब और चंडीगढ़ में सुबह घनी धुंध रही। धुंध से ऐसे हालात बने कि लुधियाना-दिल्ली नेशनल हाईवे पर विजिलिटी 10 से 15 मीटर तक ही रह गई। जिससे लोग एक्सीडेंट के डर से धीरे-धीरे गाड़ियां चलाते देखे गए। इस दौरान लुधियाना में बीच रोड पर ट्रक पलट गया। फतेहगढ़ साहिब में नेशनल हाईवे पर कार बेकाबू होकर ट्रक से जा टकराई। बरनाला में स्कॉर्पियो कार दीवार तोड़कर घर में जा घुसी। वहीं गुरदासपुर में स्कूल बैन दीवार से टकराई। रोपड़ में बाइक कंटेनर से टकरा गई, जिससे एक युवक की मौत हो गई। जालंधर में ट्रक और कार की टक्कर से मां-बेटी घायल हो गईं। मौसम विभाग ने 15 जिलों में धुंध का अलर्ट जारी किया है (पढ़ें पूरी खबर) 3. बेटे की बेइज्जती से आहत पिता ने सुसाइड किया गुरदासपुर में बेटे की बेइज्जती से आहत पिता ने सुसाइड कर लिया। पुलिस के मुताबिक उनके घर के पास दबंग परिवार के घर शादी समारोह था। बेटा ई-रिक्शा लेकर आ रहा था। जगह न होने पर उसने शादी वाले घर में जाकर गाड़ियां हटाने को कहा। इससे वे लोग भड़क गए और बेटे की जमकर पिटाई की। पिता छुड़ाने गए तो उनकी भी बेइज्जती की। इसके सदमे में पिता ने घर आकर जहर खा लिया। (पढ़ें पूरी खबर) 4. 340 रुपए के लिए टैक्सी ड्राइवर से भिड़ी विदेशी युवती मोहाली में 340 रुपए के किराए के लिए विदेशी युवती टैक्सी ड्राइवर से भिड़ गई। डेस्टिनेशन पर पहुंचने के बाद महिला ने किराया देने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि मेरे पास रुपए ही नहीं हैं। जिसने कैब बुक की, वही देगा। इसके बाद दोनों में खूब बहस हुई। टैक्सी ड्राइवर ने उसका वीडियो बना लिया। ड्राइवर ने कहा कि 14 किलोमीटर लाया, पौना घंटा हो गया, मेरे पैसे नहीं दे रही। इसका वीडियो वायरल होने के बाद ड्राइवर के पास 400 रुपए आ गए लेकिन किसने भेजे, यह उसे पता नहीं चला (पढ़ें पूरी खबर) 5. चंडीगढ़ में निगम कमिश्नर ने SDO सस्पेंड किया चंडीगढ़ में निगम कमिश्नर ने SDO को सस्पेंड कर दिया। कमिश्नर अमित कुमार मनीमाजरा में सरप्राइज चेकिंग करने पहुंचे थे। इस दौरान वे शिवालिक गार्डन पहुंचे। जहां टॉयलेट के पास कूड़ा मिलने पर कमिश्नर भड़क गए। उन्होंने बागवानी विभाग के SDO रोहित गर्ग से जवाब मांगा लेकिन वह कुछ स्पष्ट नहीं बता सके। कमिश्नर ने कर्मचारियों को चेतावनी दी कि वह किसी की सिफारिश नहीं सुनेंगे (पढ़ें पूरी खबर) 6. पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, एक को गोली लगी, दूसरे की टांग टूटी जालंधर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिससे एक बदमाश को पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा साथी गिरने से घायल हो गया और उसकी टांग टूट गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाशों में बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला अंकित कुमार और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला हरिंदर गुप्ता उर्फ हरिंदर शामिल है। आजकल ये लुधियाना में रह रहे थे। पुलिस ने कहा कि ये बदमाश नकोदर के प्रमुख व्यवसायी से गोल्डी बराड़ व रोहित गोदारा के कहने पर 5 करोड़ रुपए फिरौती मांगने के केस में वांटेड थे (पढ़ें पूरी खबर) 7. रुपए उधार मांगने पर तेजधार हथियार से काटकर हत्या अबोहर में एक युवक की तेजधार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान उसका दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वाले प्रहलाद (35) ने गांव के कुछ लोगों को रुपए उधार दिए थे। अब प्रहलाद रुपए वापस मांग रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने प्रहलाद को अपने दोस्त जग्गा को छोड़ने जाते वक्त घेरकर हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रह्लाद विवाहित था और उसका एक बेटा भी है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. खेत में मिली 3 किलो से ज्यादा हेरोइन, ड्रोन पर लिपटी थी तरनतारन पुलिस और BSF के जॉइंट एक्शन में 3.92Kg हेरोइन बरामद की गई है। यह अफीम खेतों में गिरे ड्रोन के साथ लपेटकर भेजी गई थी। पुलिस के मुताबिक हेरोइन की ये खेप ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजी गई थी। जिसका पता चलने पर गांव कालिया के खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस पता लगा रही है कि इसे यहां से कौन उठाकर ले जाने वाला था (पढ़ें पूरी खबर) 9. पुलिस कमिश्नर तलब करने पर हाईकोर्ट की रोक, ट्रायल कोर्ट पर सख्त टिप्पणी पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने जालंधर की ट्रायल कोर्ट के लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा को तलब करने पर रोक लगा दी है। हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के फैसले पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि बिना किसी ठोस कारण के वरिष्ठ अधिकारियों को कोर्ट में घसीटना न्यायिक प्रक्रिया का मिसयूज और ट्रायल में देरी की कोशिश है। यह मामला 22 किलो अफीम की बरामदगी से जुड़ा है (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके 10. पुराना कस्टमर फर्जी पेमेंट रसीद दिखा 8Kg ड्राईफ्रूट ले गया लुधियाना में पुराने कस्टमर ने ड्राइफ्रूट्स दुकानदार को अनोखे ढंग से चूना लगा दिया। असल में उसने दुकान से 8Kg ड्राईफ्रूट्स पैक कराए। फिर ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कह रसीद दिखा दी। पुराना कस्टमर था तो दुकानदार ने भी भरोसा कर लिया लेकिन जब खाते में पेमेंट नहीं आई तो दुकानदार को ठगी का पता चला। असल में दुकानदार ने फर्जी रसीद दिखाकर पेमेंट करने की बात कहकर ठगी कर ली। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *