पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:पुलिस चौकी में ASI-होमगार्ड की लाशें मिलीं; सिंगर ने माफी मांगी; NRI बोलीं- लुटेरों के टुकड़े कर देती

नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पुलिस चौकी में ASI समेत 2 पुलिसवालों की गोली लगने से मौत की है। पाकिस्तान बॉर्डर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर भारतीय सीमा में यह वारदात की गई। वहीं, चंडीगढ़ में मेयर ने रैन बसेरा में छापा मारा। वह अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें कई अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद उन्होंने प्राइवेट कॉन्ट्रैक्ट कैंसिल करने की भी चेतावनी दे डाली। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. पुलिस चौकी में ASI और होमगार्ड की मौत, PAK बॉर्डर के पास वारदात गुरदासपुर में पंजाब पुलिस की चौकी में 2 मुलाजिमों की गोली लगने से मौत हो गई। एक की डेडबॉडी कुर्सी पर तो दूसरे की चारपाई में रजाई के अंदर मिली। मौत का पता तब चला, जब चौकी में किसी ने उनका फोन नहीं उठाया। मरने वालों में ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार शामिल हैं। जिस आदियां पुलिस चौकी में इनकी लाश मिली, वह भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से महज डेढ़ किमी दूर है। उनकी मौत करीब रात 1 बजे होने का शक जताया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच के बाद वहां से करीब 4 खोल मिले। दोनों को गोली किसने और क्यों मारी, इसको लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। PAK बॉर्डर से नजदीक की चौकी में पुलिसकर्मियों की मौत को लेकर BSF की अलर्ट पर है। BSF के DIG एके विरदी ने चौकी पहुंचकर पूरे मामले के बारे में जानकारी ली। (पढ़ें पूरी खबर) 2. अमेरिका में किडनैप पंजाबी व्यक्ति की लाश मिली, 2 दिन पहले किडनैप हुए थे अमेरिका के ट्रेसी शहर के गुरुद्वारे से किडनैप हुए सिख व्यक्ति का आज शव मिल गया। मौत किन कारणों से हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है। मृतक की पहचान अवतार सिंह (57) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से लुधियाना के रहने वाले हैं और सालों से कैलिफोर्निया में परिवार सहित रह रहे थे। वह ट्रेसी स्थित गुरुद्वारा साहिब में रसोइए के रूप में सेवा करते थे और परिसर में ही रहते थे। दमदमी टकसाल के प्रमुख बाबा हरनाम सिंह धुमा ने शनिवार शाम को अपने फेसबुक पेज पर यह जानकारी दी। परिवार ने सैन जोआक्विन काउंटी शेरिफ ऑफिस में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज की थी। जिसके बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली थी, जिसमें सफेद रंग की एसयूवी और गहरे कपड़े पहने तीन व्यक्ति अवतार सिंह को जबरन ले जाते दिखाई दे रहे थे। (पढ़ें पूरी खबर) 3. पंजाबी सिंगर ने दुकानदार को थप्पड़ मारा, वीडियो वायरल होने पर माफी मांगी कपूरथाल के फगवाड़ा में कपड़ा दुकानदार से पंजाबी सिंगर गीता जैलदार का विवाद हो गया। दुकानदार ने सिंगर और उसके बाउंसरों पर दुकान में घुसकर मारपीट के आरोप लगाए हैं। दुकानदार ने इसकी शिकायत फगवाड़ा पुलिस को दी है। विवाद का कारण खरीदे गए कपड़े को वापस करने को लेकर हुआ। इसके CCTV फुटेज भी सामने आए हैं, जिसमें सिंगर जैलदार दुकानदार से बहस करने के बाद उन्हें थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। इस दौरान दुकानदार के पिता ने बीच-बचाव किया। जब इस घटना का वीडियो वायरल हो गया तो गीता जैलदार दुकानदार के पास पहुंच गए। वहां उन्होंने दुकानदार को गले लगाकर उससे माफी मांगी। (पढ़ें पूरी खबर) 4. चंडीगढ़ मेयर ने रैन बसेरे में छापा मारा, JE ने फोन नहीं उठाया चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी पीजीआई के सामने रैन बसेरा में अचानक पहुंच गए। इस दौरान न तो फर्स्ट एड बॉक्स मिला और न ही हीटर चल रहे थे। सफाई भी उचित तरीके से नहीं थी और पानी भी नहीं था। रैन बसेरे में 4 सुरक्षाकर्मी थे, जबकि सुपरवाइजर ड्यूटी पर नहीं था। स्टाफ ने बताया कि उसे नौकरी से निकाल दिया था। शिकायत करने के लिए एसडीओ का नंबर दिया गया था, लेकिन वह बंद था। जबकि, जेई ने पहले फोन तक नहीं उठाया। फिर जेई का फोन आया तो उन्हें सारी चीजें बताई गईं। मेयर ने फेसबुक लाइव होकर चेकिंग की। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो हम रैन बसेरा खुद चलाएंगे। ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट कैंसिल किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) 5. महिला का थाने के बाहर हंगामा, SHO से बोली- यह बिके हुए जालंधर के थाना-6 के बाहर एक महिला ने हंगामा कर दिया। महिला ने थाना प्रभारी पर उसकी शिकायत पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। महिला ने आरोप लगाया थाना प्रभारी प्रभारी बिका हुआ है। वह पैसे लेकर कार्रवाई नहीं कर रहा। वीडियो में महिला ने बताया कि उसने किसी व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब वह अपनी शिकायत के संबंध में थाने पहुंची और थाना प्रभारी से पूछा तो उसे बताया गया कि दूसरे पक्ष से संपर्क किया गया है और दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी। महिला ने थाना प्रभारी से दूसरे पक्ष से हुई बातचीत की कॉल डिटेल दिखाने को कहा, जिस पर टालमटोल किया गया। (पढ़ें पूरी खबर) 6. आर्मी जवान और बर्खास्त पुलिसकर्मी अरेस्ट, 4.8 किलो हेरोइन बरामद फरीदकोट में हेरोइन तस्करी के मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आर्मी जवान और बर्खास्त पुलिसकर्मी भी शामिल है। इस गिरोह का पाकिस्तान बेस तस्करों के साथ संपर्क है, जोकि ड्रोन से हेरोइन मंगवा कर उसे आगे सप्लाई करते थे। इसे जेल में बैठा आरोपी ऑपरेट कर रहा था। पुलिस ने 4.8 किलो हेरोइन के अलावा 30 हजार ड्रग मनी, एक पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही थार और एक्सयूवी-500 गाड़ी को भी जब्त किया गया है। एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि सैन्य कर्मी है इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ है। हालांकि अभी यह नहीं बताया कि किस जेल में बैठा आरोपी इस गैंग को ऑपरेट कर रहा था। (पढ़ें पूरी खबर) 7. सरपंच हत्याकांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, दो बदमाश गिरफ्तार तरनतारन पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद सरपंच हत्याकांड के मुख्य आरोपी सहित 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नसेरा पन्नू के पास हुई, जिसमें दोनों आरोपियों को गोली लगी। इससे वे घायल हो गए। उन्हें घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। दरअसल, पुलिस को मिली सूचना के आधार पर CIA तरनतारन और सरहाली पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर जाल बिछाया था। इस दौरान नसेरा पन्नू के पास नदी के किनारे लगाए गए ट्रैप के दौरान यह एनकाउंटर किया गया। (पढ़ें पूरी खबर) 8. स्कूटी से उछलकर गिरे 5 वर्षीय बच्चे को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत जालंधर में फ्लाईओवर की सर्विस लेन पर हुए एक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। यह हादसा सड़क पर एक गड्ढे के कारण हुआ। बच्चा अपने पिता के साथ स्कूटी पर जा रहा था। तभी सड़क पर बने एक गड्‌ढे के कारण उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसी दौरान पास से एक ट्रक भी गुजर रहा था। स्कूटी फिसलने के कारण बच्चा उससे उछलकर बीच सड़क पर जा गिरा और ट्रक उसे कुचल गया। मृतक की पहचान गुरजोत सिंह (5) के रूप में हुई है। (पढे़ं पूरी खबर) 9. NRI महिला बोली- लुटेरे रुकते तो टुकड़े-टुकड़े कर देती, तलवार लेकर पीछा किया लुधियाना के डेहलों में NRI महिला हरजिंद कौर रात में सड़क पर तलवार लहराकर लुटेरों के पीछे दौड़ पड़ीं। तलवार लेकर हरजिंद कौर लुटेरों को ललकारती रहीं और लुटेरे उसका रौद्र रूप देखकर फरार हो गए। हरजिंद कौर का कहना है कि अगर लुटेरे रूक जाते तो वह उनका गाटा लगा देतीं, यानी टुकड़े-टुकड़े कर देतीं। गनीमत रही कि वे मौके से भाग गए। हरजिंद कौर का कहना है कि पहले उन्होंने पुलिस को शिकायत नहीं दी। जब लोग इस घटना को स्क्रिप्टेड कहने लगे तो उन्हें लगा कि शिकायत दे देनी चाहिए। फिर उन्होंने पुलिस को इस मामले की शिकायत दी। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. डोनाल्ड ट्रंप की कुर्सी पर बैठा पंजाबी युवक, बोला- राष्ट्रपति की फीलिंग आ रही फाजिल्का का ट्रैवल ब्लॉगर नवदीप अमेरिकी राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठा दिखा। इसका वीडियो उसने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर जारी किया है। नवदीप ने ट्रंप की कुर्सी पर बैठते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया। असल में यह वीडियो वाशिंगटन डीसी के मैडम तुसाद म्यूजियम का है। जहां व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस को हूबहू बनाया गया है। इस कुर्सी पर राष्ट्रपति के एक बार बैठने का दावा किया गया है।असली ओवल ऑफिस में आम जनता को राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठने की परमिशन नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *