पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:लेडी प्रिंसिपल जंग में फंसी; ACP-SHO सस्पेंड; पंजाबी मॉडल के VIDEO पर बवाल; मर्सिडीज-पिस्टल की रील महंगी पड़ी

नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर ईरान-इजराइल जंग में फंसी बठिंडा के गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल से जुड़ी रही। जिनके दुबई में फंसने का खुलासा हुआ। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें एयरपोर्ट से निकाल दिया, पैसे-दवाएं खत्म हो चुकी हैं। चंडीगढ़ की चर्चित खबर मेयर सौरभ जोशी एक्सीडेंट में घायल युवतियों को अस्पताल पहुंचाने से जुड़ी रही। मेयर ने ही उनके परिवार को फोन कर एक्सीडेंट की जानकारी दी। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल ईरान-इजराइल जंग में फंसी इजराइल और ईरान की जंग के चलते बठिंडा के SSD गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल नीरू गर्ग भी UAE में शारजाह एयरपोर्ट पर फंस गई हैं। नीरू ने VIDEO जारी कर वहां के हालात के बारे में बताया। नीरू ने कहा कि उन्हें रात 10 बजे एयरपोर्ट से निकाल दिया गया। फिर 20 किमी दूर जाकर एक होटल मिला लेकिन उन्होंने महंगा कमरा दिया। अब उन्हें होटल भी खाली करने को कह दिया गया है। नीरू ने कहा कि हमारे पास पैसे खत्म हो गए हैं। BP-शुगर की दवाएं भी नहीं हैं। यहां क्या करना है, हमें कोई कुछ बताने वाला नहीं है। हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नीरू गर्ग ने कहा कि हमें सबसे ज्यादा शिकायत इंडिगो एयरलाइंस से है, क्योंकि उन्होंने कहा था कि बाहर उनके अधिकारी मिलेंगे पर वहां कोई नहीं था। हम आधा घंटा बाहर बैठे रहे। नीरू ने कहा कि उन्होंने कल भी भारत सरकार से अपील की थी कि हमारे लिए कोई बंदोबस्त करें। अब हालात बिगड़ते जा रहे हैं। हमें जल्द से जल्द यहां से सुरक्षित निकाला जाए। वहीं जंग की वजह से अमृतसर से दुबई, शारजाह, मस्कट और दोहा जाने वाली लगभग 10 इंटरनेशनल फ्लाइटें प्रभावित हुई हैं। अमृतसर एयरपोर्ट पर अरविंदर सिंह ने बताया कि मैं पिछले 2 साल से दोहा में नौकरी कर रहा हूं। छुट्टी काटकर आज वापस जाना था, लेकिन एअर इंडिया ने फ्लाइट रद्द कर दी। अब समझ नहीं आ रहा कि काम पर कब लौट पाऊंगा।’ मस्कट जाने वाले एक अन्य यात्री जगदीप सिंह ने कहा, ‘मुझे अमृतसर से दिल्ली और फिर मस्कट जाना था। 10 साल से वहां काम कर रहा हूं, लेकिन युद्ध के हालातों ने सब रोक दिया है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. इजराइल-ईरान जंग, मुस्लिम संगठन सड़क पर उतरे अमेरिका-इजराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मुस्लिम संगठन भड़क उठे। इसको लेकर रविवार दोपहर लुधियाना में मुस्लिम संगठनों से जुड़े लोग भारी संख्या में जमा हुए। उन्होंने यहां फील्ड गंज स्थित जामा मस्जिद के पास प्रदर्शन किया। इनकी अगुआई पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी ने की। मुस्लिम संगठनों के प्रदर्शन के बारे में इनपुट मिलते ही पुलिस भी एक्टिव हो गई। तुरंत जामा मस्जिद के आसपास भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस की कोशिश थी कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से रहे। मुस्लिम समुदाय के लोग अपना प्रदर्शन कर वापस लौट जाएं। इस दौरान मुस्लिम संगठनों ने खामेनेई के लिए शोक सभा रखी। जिसमें शाही इमाम ने कहा कि इजराइल और अमेरिका का यह सरकारी आतंकवाद है। इनकी दादागिरी के आगे दुनिया खामोश है क्योंकि इंसाफ दिलाने वाले भी इनकी गुंडागर्दी के आगे बेबस हो चुके हैं। खामेनेई सिर्फ ईरान ही नहीं बल्कि विश्व भर के मुसलमानों के नेता हैं। आने वाली नस्ल इस बात को फख्र से कह सकेंगी कि जब पूरी दुनिया के दिग्गज इजराइल और अमेरिका के आगे घुटने टेक चुके थे तो उस समय एक बूढ़ा शेर अपने आखिरी सांस तक दुश्मन से लड़ता रहा। (पढ़ें पूरी खबर) 3. पंजाबी मॉडल के शराब-सिगरेट पीने के VIDEO पर बवाल पंजाबी मॉडल, ब्लॉगर और कंटेंट क्रिएटर पायल परम उर्फ परमजीत कौर का शराब और सिगरेट पीने के वीडियो पर बवाल मच गया है। उसके हाथ में हरि सिंह नलवा का टैटू बना है और उसी से वह शराब व सिगरेट पी रही है। वीडियो सामने आते ही चंडीगढ़ के रहने वाले निहंग सिंह जसदीप सिंह ने आपत्ति जताई। निहंग सिंह ने कहा कि 48 घंटे के अंदर श्री अकाल तख्त पर पेश हो। वहां देग (प्रसाद) करवाकर माफी मांग ले। ऐसा नहीं किया तो हम इसे खुद प्रसाद दे देंगे। जसदीप सिंह ने कहा कि इसने हाथ में कड़ा पहन रखा है। उसी हाथ में शराब की बोतल है। यह सिखी सिद्धांतों के खिलाफ काम कर रही है। इसके साथ ही यह संतों की फोटो के सामने कार में सिगरेट पी रही है। निहंग सिंह ने कहा- मेरा मैसेज इस बीबी तक पहुंचा दो, नहीं तो इसका हिसाब कर देंगे। मामला बढ़ता देख पायल परम ने पोस्ट डालकर माफी मांगी है। पंजाबी मॉडल ने लिखा- इंसान गलतियां करता है और गलतियों से ही सीखता है। मेरी जिंदगी में मैंने भी बहुत सी गलतियां की हैं और हर गलती से कुछ न कुछ सीखा है। मैं आगे से कुछ ऐसा नहीं करूंगी। (पढ़ें पूरी खबर) 4. IVF सेंटर पर फायरिंग, ACP-SHO सस्पेंड जालंधर के मोता सिंह नगर स्थित वरदान अस्पताल (IVF सेंटर) पर फायरिंग की गई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने इस मामले को पुलिस की लापरवाही करार देते हुए ACP मॉडल टाउन परमिंदर सिंह और मॉडल टाउन थाने के SHO रविंदर कुमार को सस्पेंड कर दिया है। रात करीब साढ़े 9 बजे IVF सेंटर पर एक बदमाश ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। उसने करीब 3 सेकेंड में 4 गोलियां चलाईं, जो सेंटर के गेट को चीरते हुए आर-पार निकल गईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। फुटेज में दिख रहा है कि एक युवक बाइक पर आता है और उसने हेलमेट पहन रखा है। फायरिंग के दौरान भी उसने हेलमेट नहीं उतारा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गया। हालांकि फायरिंग क्यों की, इसको लेकर अभी तक कारण सामने नहीं आया है। गोलियां चलने की घटना के वक्त अस्पताल में स्टाफ के कुछ लोग मौजूद थे। गोलियों की आवाज के बाद स्टाफ दहशत में है। घटना की सूचना मिलते ही थाना 6 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कहा कि अस्पताल के गेट पर गोलियों के निशान हैं। आरोपी की पहचान के लिए उसकी बाइक के नंबर से एड्रेस का पता लगाया जा रहा है। युवक ने हेलमेट पहन रखा था, इसलिए उसका चेहरा नहीं दिख रहा। उसके एंट्री और एग्जिट पाइंट पर लगे कैमरों को भी चेक किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) 5. मेयर का गुड वर्क, घायल लड़कियां अस्पताल पहुंचाईं चंडीगढ़ में कार और कैब की टक्कर हो गई, हादसे में 2 लड़कियां गंभीर घायल हो गईं। इसी दौरान वहां से मेयर सौरभ जोशी गुजरे, एंबुलेंस न मिलने पर उन्होंने तुरंत अपनी कार से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उन्हें फर्स्ट एड दिया गया है। अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे को लेकर उन्होंने दो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। उन्होंने कहा कि वह एक प्रोग्राम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-26 स्थित स्ट्रॉबेरी स्कूल के पास पहुंचे, तो एक कैब का एक्सीडेंट हो गया था। कैब में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो छोटी बच्चियों की हालत नाजुक थी। मैंने तुरंत उन्हें अपनी गाड़ी में जीएमसीएच-16 पहुंचाया और स्वयं उनके परिजनों को इसकी सूचना दी। वहीं मेयर के शेयर किए वीडियो में दिख रहा है कि मेयर तुरंत अपनी कार रोककर मदद के लिए आते हैं। वह ड्राइवर का हालचाल पूछने के बाद दूसरे लोगों की मदद से कार को निकालते हैं। फिर अपनी सरकारी गाड़ी में बिठाकर अस्पताल ले जाते हैं। इसके बाद घायल युवतियों को अस्पताल पहुंचाने और उनका इलाज शुरू करवाते हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 6. पिस्टल लेकर मर्सिडीज के साथ बनाई रील, VIDEO वायरल होते ही FIR मोहाली में एक युवक को हथियार दिखाते हुए मर्सिडीज में रील बनाना महंगा पड़ गया। पुलिस ने उसके खिलाफ गन कल्चर को बढ़ावा देने की FIR दर्ज कर दी है। पुलिस के मुताबिक युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डाली थी। ‘davaan0007’ नाम से इंस्टाग्राम ID पर उसने मर्सिडीज कार (नंबर पीबी27 F-0818) के साथ हाथ में रिवॉल्वर या पिस्टल लिए हुए वीडियो डाला था। वीडियो में दिख रहा है कि वह कमर में पिस्टल डालकर कोठी के भीतर से निकलता है। इसके बाद वह मर्सिडीज में बैठ रहा है। उसने करीब 20 सेकेंड का यह वीडियो डाला था। जो वायरल होकर पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने कहा कि युवक सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर ‘गन कल्चर’ को बढ़ावा दे रहा था। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कानूनन अपराध है। इसलिए केस दर्ज किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. धारदार हथियारों से काटकर व्यापारी की हत्या जालंधर के गारमेंट कारोबारी के तेजधार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई। मृतक बबलू (50) शाहकोट के रहने वाले थे। पिछले करीब 20 साल से वह नूरमहल में रह रहे थे। उनकी नकोदार में ही बबलू गारमेंट्स के नाम से कपड़ों का शोरूम में है। पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी की शाम बबलू रोज की तरह दुकान बंद करके रामपुर लौट रहे थे। उन्होंने घर पर फोन करके बताया था कि वह कुछ देर में पहुंचने वाले हैं, लेकिन देर रात तक नहीं पहुंचे। जब उनके पिता दलीप सिंह उन्हें ढूंढते हुए निकले, तो रामपुर वाली कच्ची सड़क पर बन रहे पुल के पास उनकी डेड बॉडी मिली। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तेजधार हथियारों से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी (पढ़ें पूरी खबर) 8. पंजाबी सिंगर करण औजला के कॉन्सर्ट में हंगामा, लात-घूंसे चले पंजाबी सिंगर करण औजला के दिल्ली में ‘पी पॉप कल्चर इंडिया टूर’ के कॉन्सर्ट में हंगामा हो गया। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम पूरी तरह दर्शकों से भरा हुआ था। इस दौरान वहां कुछ युवाओं के बीच आपस में भिड़ंत हो गई। एक युवक ने दूसरे को जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीट दिया। हंगामे का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि एक व्यक्ति जमीन पर लेटा हुअ, जबकि दूसरा उसे बार-बार लात-घूंसे मार रहा है। एक अन्य व्यक्ति भी इस हाथापाई के दौरान उसे लात मारता नजर आता है। जैसे ही लड़ाई शुरू हुई, वहां मौजूद कई लोग वहां से निकलने लगे। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर “करण औजला के कॉन्सर्ट में वीवीआईपी लाउंज में पागलपन भरी लड़ाई” कैप्शन के साथ पोस्ट किया गया। वीडियो में दिख रहा है कि करण औजला स्टेज पर चुन्नी मेरी रंगदे ललारिया… गा रहे हैं। इसी दौरान कुछ युवक आपस में भिड़ गए। एक ने दूसरे युवक को जमीन पर गिराकर पीटा। वह उसे बार-बार लात-घूंसे मार रहा है। जैसे ही लड़ाई शुरू हुई, वहां मौजूद कई लड़कियां वहां से निकलने लगीं। वे चिल्ला रहीं थीं, “अरे, लड़ाई हो गई”। मोबाइल की टॉर्च जलाए और हाथों में कोल्ड ड्रिंक्स के गिलास लिए युवतियां कॉन्सर्ट से बाहर आ जाती हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 9. अमृतसर में टिप्पर के नीचे दबी 3 गाड़ियां, 2 लोगों की मौत
अमृतसर में वेस्टर्न विला बाईपास के सामने आज दोपहर करीब 12 बजे रेत से भरा एक टिपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गया। टिपर के पलटते ही आसपास खड़ी और गुजर रही तीन कारें उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में दो लोगों की मौत और अन्य कई के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। हालांकि अभी तक इनकी पहचान नहीं हुई है। वहीं हादसे के बाद टिपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। एडीसीपी अमनदीप कौर ने बताया कि इन दिनों आनंदपुर साहिब में मेले के चलते हाईवे पर वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी हुई है। ऐसे में ट्रैफिक को सुचारू रखना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. लुटेरा दूल्हा, खुद को कुंवारा बता शादी की, फिर लूटकर भागा लुधियाना में एक शादीशुदा व्यक्ति ने खुद को कुंवारा बताकर महिला से शादी कर ली और उसके गहने और पैसे लेकर फरार हो गया। महिला ने कहा कि आरोपी ने उसकी न्यूड फोटो लेकर उसे ब्लैकमेल भी किया और तीन साल तक उससे शारीरिक संबंध बनाए। महिला के अनुसार, उसके 2021 में उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने बच्चों के साथ लुधियाना में रहने लगी। तीन साल पहले एक फंक्शन के दौरान उसकी मुलाकात हरियाणा के पानीपत में आरोपी से हुई। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया और धीरे-धीरे महिला से नजदीकियां बढ़ाईं। आरोपी पहले से शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता है, लेकिन उसने यह बात छिपाए रखी। वो तीन साल रिलेशन में रहा और जुलाई 2023 में एक मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद वो अलग-अलग बहाने बनाकर और ब्लैकमेल कर महिला से पैसे और गहने लेता रहा और बाद में फरार हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *