पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:ईरान-इजराइल जंग में फंसे 150 पंजाबी; थाने में महिला को जूतियां मारीं; टूरिस्टों में चाकूबाजी; मॉडल के चक्कर में निहंग भिड़े

नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर इजराइल और ईरान की जंग में फंसे पंजाबियों की है। NRI मंत्री ने बताया कि आज उन्हें अरब देशों में फंसे 150 लोगों की कॉल आ चुकी है। इसमें ज्यादातर दुबई में फंसे लोग शामिल हैं। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा 1. इजरायल-ईरान जंग में फंसे कई पंजाबी पंजाब से टूरिस्ट वीजा पर अरब देशों में गए लोग इजराइल और ईरान की लड़ाई की वजह से फंस गए हैं। अधिकतर लोग दुबई में फंसे हैं। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश के NRI मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि हमारे पास अभी तक कोई अधिकारिक आंकड़ा नहीं है। लेकिन जो लोग फंसे हैं, उनकी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल्स आ रही हैं। लोगों का कहना है कि उनका वीजा खत्म होने वाला है, पैसे भी समाप्त हो रहे हैं। टिकट बार-बार कैंसिल होने से दिक्कत आ रही है। सुबह से अब तक करीब 150 लोगों की कॉल आ चुकी हैं। लोग अलग-अलग देशों में फंसे हैं। कुछ लेबर के तौर पर गए, कर्मचारी या वीजा होल्डर के रूप में वहां रुके हुए हैं। मंत्री रवजोत ने बताया कि सरकार की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। अलग-अलग दूतावासों के नंबर भी साझा किए गए हैं, ताकि वहां फंसे लोग सीधे संपर्क कर सकें। हालांकि ओमान की एंबेसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इस मामले में संबंधित मंत्रालय से भी समन्वय किया गया है। पंजाब से बड़ी संख्या में लोग लेबर क्लास में अरब देशों में काम करने गए थे। (पढ़ें पूरी खबर) 2. ASI-होमगार्ड मर्डर, आरोपी के परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए माने गुरदासपुर में ASI-होमगार्ड मर्डर केस में एनकाउंटर के दौरान ढेर हुए आरोपी रणजीत सिंह का आज 7 दिन बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। सीजीएम कोर्ट ने रणजीत सिंह की मां द्वारा दायर याचिका का निपटारा करते हुए इसके आदेश दिए। जिस पर परिजन मान गए। मृतक के चाचा हरविंदर सिंह मल्ली ने कहा कि वे कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए सिविल अस्पताल पहुंच चुके हैं। डॉक्टरों और वकीलों की टीम भी अस्पताल में मौजूद है। हालांकि, पारिवारिक सदस्यों की मांग है कि पोस्टमॉर्टम से पहले उन्हें रणजीत सिंह का शव देखने दिया जाए। अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं SP हेडक्वार्टर युगराज सिंह भी अस्पताल पहुंच गए हैं। 25 फरवरी को पुलिस गिरफ्तारी के बाद रणजीत सिंह को हथियार की बरामदगी के लिए ले गई थी। लेकिन SHO की गाड़ी पलटने से वह फरार हो गया। CIA की टीम ने उसे पुराना शाला इलाके में घेर लिया। और एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। वहीं CIA के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह समेत 5 मुलाजिम घायल हो गए थे। बता दें कि 22 फरवरी को आदियां पुलिस चौकी में ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की लाश मिली थी। वह भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से महज डेढ़ किमी दूर है। (पढ़ें पूरी खबर) 3. पुलिस थाने में महिला के सिर पर जूतियां मारीं पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल के पास पहुंची महिला ने पुलिस के काम करने के रोंगटे खड़े करने वाले तरीके का खुलासा किया है। पीड़ित महिला ने चेयरपर्सन को बताया कि पुलिसकर्मी ने थाने में मेरे सिर में जूतियां मारीं। हार्ट पेशेंट होने के बावजूद मुझे पैरों के बल बैठाया। जिससे मुझे ब्लीडिंग हुई फिर भी नहीं पसीजे। यही नहीं, पुलिस कर्मी ने धमकाया कि अभी तो कुछ नहीं हुआ जब रात की ड्यूटी वाला नशे में आएगा, तब तेरे साथ क्या होगा समझ ले। महिला की बात सुनकर चेयरपर्सन भी गुस्से में आ गई और उन्होंने पुलिस कर्मी को यहां तक कह दिया कि यही सब कुछ अगर तेरे साथ करें तो कैसा लगेगा? महिला की शिकायत सुनने के बाद चेयरपर्सन राज लाली गिल ने आरोपी पुलिस कर्मी के साथ गए अधिकारी को साफ कह दिया कि उस दिन थाने की पूरी सीसीटीवी फुटेज उन्हें दी जाए। उन्होंने दोटूक चेतावनी दी कि अगर ऐसा सच में हुआ होगा तो वर्दी उतरवा दूंगी (पढ़ें पूरी खबर) 4. चंडीगढ़ में अगले माह से महंगी होंगी जमीनें चंडीगढ़ में एक बार फिर प्रॉपर्टी महंगी होने जा रही है। चंडीगढ़ प्रशासन ने कलेक्टर रेट बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। डीसी निशांत यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कलेक्टर रेट संशोधित करने के लिए एक कमेटी गठित की गई। प्रशासन ने शहर के अलग-अलग इलाकों के अनुसार कलेक्टर रेट में 30 से 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्तावित नए रेटों को लेकर अगले सप्ताह ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, जिसमें आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी जाएंगी। प्रशासन के अनुसार, लोगों से सुझाव लेने के बाद अंतिम नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। योजना है कि नए कलेक्टर रेट 1 अप्रैल से लागू कर दिए जाएं। पिछले साल भी कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले वर्ष 2021 और 2017 में संशोधन हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, नए प्रस्ताव के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि के रेट तीन से चार गुना तक बढ़ सकते हैं। वहीं कई सेक्टरों में रेट डेढ़ गुना तक बढ़ाने की तैयारी है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. पंजाबी टूरिस्ट बर्फ फेंकने पर भिड़े, लात-घूंसे चले, चाकू लहराया हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति के अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर पंजाब के टूरिस्ट आपस में भिड़ गए। विवाद एक दूसरे पर बर्फ फेंकने पर और फिर जमकर लात-घूंसे चले। इसी बीच नीले कपड़े पहने एक टूरिस्ट ने चाकू निकाल दिया। जिससे पर्यटन स्थल पर तनावपूर्ण माहौल बना गया और अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही लाहौल स्पीति पुलिस ने हुड़दंग मचाने वाले चार-पांच टूरिस्टों को हिरासत में लिया। पुलिस इन्हें सिस्सू थाना ले गई। इस दौरान पुलिस ने जब इनकी तलाशी ली तो चाकू बरामद नहीं हुआ। इसके बाद सिस्सू थाना से हुड़दंगियों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। हुड़दंग-गुंडागर्दी के वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहे हैं। SHO सिस्सू मुकेश ने बताया कि हुड़दंग मचाने वाले टूरिस्ट पंजाब के अमृतसर से घूमने आए थे। उन्होंने बताया कि अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर बीते सोमवार को पर्यटक एक दूसरे पर बर्फ फेंक रहे थे, तब इनमें बहसबाजी हो गई और जो कि लड़ाई में तब्दील हो गई। (पढ़ें पूरी खबर) 6. पंजाब सरकार 17 हजार पदों पर करेगी भर्ती पंजाब सरकार 17 हजार पदों पर भर्ती करने जा रही है। यह दिव्यांग कोटे के बैकलॉग खाली पड़े पदों पर होगी। वहीं सरकार ने बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया को भी सरल बनाया है। सरकार ने 16 जिलों में एडॉप्शन एजेंसियां स्थापित की हैं ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और आसान हो सके। इसके अलावा फेक या मृतक लोगों को जारी हुई बुजुर्ग पेंशन के 61 करोड़ की रिकवरी की है। यह दावा पंजाब की कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर ने किया। मंत्री ने बताया कि एसिड अटैक पीड़ितों को दी जाने वाली मासिक पेंशन 8 हजार रुपए से बढ़ाकर 10 हजार रुपए कर दी गई है। यह सहायता महिला और पुरुष दोनों पीड़ितों को दी जा रही है। कामकाजी महिलाओं के लिए पांच वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाए जा रहे हैं। इनमें तीन मोहाली, एक अमृतसर और एक जालंधर में हैं। इन पर लगभग 150 करोड़ रुपए की लागत आएगी और इन्हें इसी साल पूरा करने का लक्ष्य है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. अमृतसर में BJP नेता के पोस्टर पर विवाद गोल्डन टेंपल के पूर्व हेड ग्रंथी ज्ञानी रघबीर सिंह ने अमृतसर में भारतीय जनता पार्टी के नेता जगमोहन सिंह राजू के पोस्टरों को लेकर कड़ा विरोध जताया है। इन पोस्टरों में गोल्डन टेंपल की तस्वीरें इस्तेमाल की गई हैं। यह तस्वीरें शहर की गंदी और अशोभनीय जगहों पर, जैसे कचरे के ढेर और सार्वजनिक पेशाब करने वाली जगहों के पास चिपकाई गई हैं। ज्ञानी रघबीर सिंह ने इसे सीधे तौर पर गोल्डन टेंपल की मर्यादा की अवहेलना और बेअदबी करने का जतन बताया है। उनका कहना है कि किसी भी राजनीतिक प्रचार के लिए पवित्र स्थानों की तस्वीरों का इस्तेमाल करना गलत है, लेकिन अगर करना ही है तो यह केवल साफ-सुथरी और सम्मानजनक जगहों पर ही किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग की कि इन गंदी जगहों पर लगे पोस्टरों को तुरंत हटा दिया जाए। ज्ञानी रघुबीर सिंह ने चेतावनी दी कि ऐसी हरकतें सिख संगत की भावनाओं को गंभीर रूप से आहत करती हैं और किसी भी राजनीतिक नेता को अपनी लोकप्रियता के लिए गुरुद्वारों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। (पढ़ें पूरी खबर) 8. पंजाबी मॉडल के VIDEO पर निहंगों में झगड़ा पंजाबी गीतों की मॉडल, ब्लॉगर और कंटेंट क्रिएटर पायल परम के आपत्तिजनक वीडियो पर निहंग दोफाड़ हो गए हैं। निहंग बाबा हरजीत सिंह रसूलपुर मॉडल की सपोर्ट में आए हैं। उन्होंने मॉडल को धमकाने वाले चंडीगढ़ के निहंग जसदीप सिंह को कहा कि ये हिंदुस्तान है, तालिबान नहीं। उन्होंने निहंग जसदीप को गुंडा बताते हुए कहा कि वह धर्म की आड़ में पायल जैसी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को धमका रहे हैं। इसके जरिए वह फेम पाना चाहते हैं। निहंग रसूलपुर ने कहा कि ये लोग तब कुछ नहीं कहते, जब इनके अपने ही बाणे पहने लोग नशा करते हैं, लेकिन रील बनाने वालों की जान के दुश्मन बने हुए हैं। उन्होंने पंजाब सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन से इन पर तुरंत नकेल कसने की मांग की। पंजाबी मॉडल पायल परम उर्फ परमजीत कौर के हाथ में हरी सिंह नलवा के टैटू के साथ शराब और सिगरेट पीने के वीडियो पर चंडीगढ़ के निहंग सिंह जसदीप सिंह ने उसे धमकाया था। निहंग ने 48 घंटे में श्री अकाल तख्त पर पेश होकर माफी मांगने का वक्त दिया था। उसने धमकी दी थी कि अगर माफी नहीं मांगी तो निहंग खुद प्रसाद देंगे। हालांकि मॉडल ने विवाद के बाद माफी मांग ली थी (पढ़ें पूरी खबर) 9. पंजाब में पीले-नीले रंग में PRTC बसें, विपक्ष भड़का पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (PRTC) की बसों को पेंट करने का एक वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने पंजाब सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। वीडियो के मुताबिक पीआरटीसी की बसों पर पीला और नीला रंग किया जा रहा है। पीआरटीसी की बसों का कलर अभी ग्रे व ब्लू है, जो कि लंबे समय से चलता आ रहा है। अब जो कलर वीडियो में दिख रहा है उसमें ग्रे की जगह पीला है और नीले रंग को डार्क किया जा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि आम आदमी पार्टी ने अपनी पार्टी के प्रचार के लिए पीआरटीसी की बसों का कलर भी झंडे जैसा करना शुरू कर दिया। शिरोमणि अकाली दल व भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करके सरकार पर निशाना साधा। अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पिछले चार साल में राजीतिक हितों व पार्टी प्रचार के लिए पंजाब के सरकारी खजाने का दुरुपयोग किया है। पहले सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को आम आदमी पार्टी के झंडे वाले नीले और पीले रंगों से रंगा गया था। अब PRTC की बसों को भी AAP के झंडे के रंगों में रंगा जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 10. पंजाब पुलिस के DSP की मौत, किडनी की बीमारी थी नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते पंजाब पुलिस के DSP दलजीत सिंह का निधन हो गया। वह 51 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। DSP दलजीत सिंह का इलाज मोहाली के मैक्स अस्पताल में चल रहा था। किडनी फेल होने के कारण उनका नियमित डायलिसिस किया जा रहा था। सोमवार देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पिछले लगभग एक साल से मेडिकल छुट्टी पर थे। डीएसपी दलजीत सिंह लुधियाना देहाती पुलिस में एंटी नारकोटिक्स विंग में तैनात थे। किडनी की बीमारी के कारण वो मेडिकल लीव पर चल रहे थे। डीएसपी दलजीत सिंह ने लंबे समय तक एंटी नारकोटिक विंग में काम किया। दलजीत सिंह ने अपना पुलिस करियर 1990 में बतौर एएसआई शुरू किया था। पोस्टिंग से लेकर आखिरी समय तक उनकी पोस्टिंग ज्यादातर एंटी नारकोटिक्स विंग में रही। एएसआई, एसआई और इंस्पेक्टर के पद पर रहते हुए उन्होंने लुधियाना में काम किया। इसके बाद प्रमोट होकर वह DSP बने। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *