पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:कनाडा में यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या; परिवार बंधक बना ₹7 करोड़ लूटे; विदेशी युवतियों के सेक्स रैकेट का VIDEO

नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर परिवार को बंधक बनाकर 7 करोड़ रुपए लूटने की रही। गुरदासपुर में निहंग बाणे में आए 5 लुटेरों ने परिवार को बंधक बनाया। इसके बाद गहने और पैसे लूटकर कर ले गए। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. कनाडा में पंजाबी यूट्यूबर की चाकू मारकर हत्या कनाडा में पंजाबी मूल की यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल (45) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। कैनेडियन पुलिस के मुताबिक मंगलवार की रात करीब साढ़े 9 बजे हमलावर उसके घर में घुसे। उसे घर के भीतर ही चाकू मारे गए। जिसके बाद हमलावर उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। नैन्सी कनाडा के विंडसर इलाके में रहती थी। इसका पता चलने के बाद पुलिस वहां पहुंची। जहां से नैन्सी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां के डॉक्टरों के मुताबिक उसे काफी गंभीर चोटें लगी हुई थीं। जिस वजह से उसकी मौत हो गई। नैन्सी का जन्म हरियाणा में हुआ। लेकिन बाद में उनका परिवार लुधियाना शिफ्ट हो गया। अब उसकी मां जालंधर में रहती है। नैन्सी अपने यूट्यूब वीडियो को लेकर सुर्खियों में रहती थी। जिसमें वह खुलकर खालिस्तानियों से लेकर अकाल तख्त जत्थेदार और डेरा ब्यास मुखी तक की आलोचना करती थी।कनाडा पुलिस के अधिकारी पियर्स ने कहा कि आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। यदि किसी के पास इस घटना के बारे में कोई जानकारी या सुरक्षा कैमरे (CCTV) की फुटेज है, तो वे डिटेक्टिव सार्जेंट जेमी नेस्टर से संपर्क करें। (पढ़ें पूरी खबर) 2. गुरदासपुर में परिवार को बंधक बनाकर ₹7 करोड़ लूटे
गुरदासपुर में सुबह 8 बजे ज्वेलर्स के घर से 7 करोड़ रुपए लूट लिए गए। घटना जेल रोड स्थित 5 नंबर स्कीम की है। पांच लुटेरे निहंग सिंह के बाणे में आए। बदमाशों ने परिवार को बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके गुरुओं के बारे में कुछ गलत पोस्ट डाली है, इसलिए वे उनके पास आए हैं इसके बाद एक लुटेरे ने ज्वेलर्स की पत्नी के सिर पर पिस्टल अड़ा दिया। बाद में लुटेरों ने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया। ड्राइवर सरबजीत सिंह को एक कमरे में, नेहा महाजन और उनके दो बच्चों कृष व शिखर को दूसरे कमरे में और पति वरुण महाजन को एक अन्य कमरे में बंद कर दिया गया। लुटेरों ने घर की सभी चाबियां ले लीं और बच्चों को जान से मारने की धमकियां दीं। धमकियों के बाद लुटेरों ने घर से सारा सोना और कैश लूट लिया। जाते समय वे घर के सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर भी अपने साथ ले गए और परिवार की गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। डीएसपी तरजिंदर सिंह ने बताया की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) 3. लुधियाना में नाइजीरियन युवतियों का सेक्स रैकेट लुधियाना में विदेशी युवतियां सेक्स रैकेट चला रही हैं। नाइजीरिया की रहने वाली युवतियां रात के अंधेरे में ये अपना मोबाइल नंबर देती हैं। फिर मोबाइल पर युवतियों की फोटो भेजकर रेट फिक्स करती हैं। इसके बाद लोकेशन भेजकर अपने फ्लैट पर बुलाती हैं। यहां तक कि वह दूसरी जगह जाने को भी तैयार रहती हैं। अगर नाइजीरियन पसंद नहीं आती तो रशियन लड़की तक उपलब्ध कराने का दावा करती हैं। रुपए वसूलने की भूख ऐसी कि कस्टमर से ज्यादा युवतियां संबंध बनाने के लिए उतावली नजर आती हैं। उनके ठिकाने पर आया कस्टमर कहीं लौट न जाए, इसके लिए वह खुद शराब पीकर अश्लील डांस और हरकतें करती हैं। फिर कस्टमर को भी शराब पिलाती हैं। दैनिक भास्कर को लगातार इसके बारे में इनपुट मिल रहे थे, जिसके बाद भास्कर ने इस रैकेट को पूरी तरह एक्सपोज करने का कॉल लिया। इस दौरान युवती ने बताया कि पूरी रात साथ रहना है तो एक युवती के 7 हजार रुपए लगेंगे, अनलिमिटेड शॉट, अगर पार्टी का सामान यानी शराब-चिकन ले आते हो तो 1500 रुपए लेंगे, लेकिन सिर्फ एक शॉट ही मिलेगा। पुलिस का कोई डर नहीं, उनसे बचाने की गारंटी हमारी। (पढ़ें पूरी खबर) 4. चंडीगढ़ में होली पर 3 युवकों की हत्या होली के मौके पर चंडीगढ़ में 3 युवकों की हत्या कर दी गई। रंग खेलते समय एक युवक पर कई युवकों ने हमला कर दिया, और चाकू मारकर भाग गए। अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, रास्ते से जा रहे 2 युवकों को एक पिकअप वैन ने टक्कर मार दी। इसमें दोनों युवक मामूली रूप से घायल हो गए। जब ये दोनों पिकअप ड्राइवर से बहस करने लगे तो दोनों को पिकअप में मौजूद लोगों ने अंदर खींच लिया। इस दौरान एक युवक छूटकर भाग गया, जबकि एक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, लाश फेंककर आरोपी भाग गए। इसी तरह तीसरे युवक की भी मामूली कहासुनी से शुरू हुई बहस के बाद हत्या कर दी गई। एक के घर में बहन की शादी थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। वहीं दूसरे युवक का डेढ़ साल का एक बेटा है। चंडीगढ़ में सुरक्षा के लिए होली पर विशेष इंतजाम किए गए थे। इसके बाद 3 युवकों की हत्या हो जाने से लोग पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. गुरदासपुर के एनकाउंटर केस में पंजाब DGP से जवाब तलब गुरदासपुर के आदियां पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी रणजीत सिंह के एनकाउंटर में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब DGP से जवाब मांगा है। आज इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें DGP गौरव यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश हुए। इस दौरान कोर्ट ने कहा- हम आंखें बंद करके नहीं बैठे सकते हैं। 2 हफ्ते में इसका जवाब दें। 17 मार्च को अगली सुनवाई होगी। दूसरी तरफ मृतक की मां सुखजिंदर कौर ने अदालत में याचिका दायर कर मामले की रिटायर जज या सीबीआई से जांच की मांग रखी। मामले की याचिका पर कल सुनवाई होगी। इस एनकाउंटर पर परिवार वाले सवाल उठा रहे है। साथ ही युवक का संस्कार भी अभी तक नहीं किया गया है। 22 फरवरी को ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस के मुताबिक यह हमला पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की तरफ से करवाया गया था। इसके लिए तीन युवकों को करीब 20 हजार रुपए देने का लालच दिया गया था। इस मामले में मुख्य आरोपी 19 वर्षीय रणजीत सिंह था। उसे 25 फरवरी को पुरानाशाला इलाके में पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया। पुलिस का कहना है कि वह हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था और उसने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। (पढ़ें पूरी खबर) 6. भरी पंचायत में 2 लोगों की गोली मारकर हत्या फिरोजपुर में होली पर भरी पंचायत के बीच में एक दूसरे को गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना गांव कड़मा में कल शाम 4 मार्च को हुई। पंचायत में मौजूद परिवारिक सदस्य बिट्टू ने बताया कि कबूतरबाजी को लेकर बच्चे के बीच आपस में झगड़ा हो गया था। इसी मामले में राजीनामा के लिए गांव में दोनों पक्षों के बीच पंचायत बैठाई गई थी। बिट्टू ने कहा कि यहां मामला कम होने की बजाय बढ़ गया। दोनों पक्षों में पहले जमकर बहस हुई। इस दौरान एक बच्चे के पिता को दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने गोली मार दी। इसके बाद दूसरे व्यक्ति (जिसने गोली मारी थी) की पिस्टल छीनकर बच्चे के पिता ने उस व्यक्ति को भी शूट कर दिया। जिससे दोनों की ही मौके पर मौत हो गई। जिससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। लोगा इधर-उधर भगने लगे। मृतकों की पहचान खलारा सिंह और जग्गी के नाम से हुई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी भूपेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ गांव कड़मा में पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिवार के लोगों से जानकारी ली उन्होंने कहा कि दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. ईरान-इजराइल जंग, पंजाबी कारोबारी दोहा में फंसे जालंधर की हैंडटूल इंडस्ट्री के उद्योगपति ईरान-इजराइल युद्ध के चलते दोहा (कतर) में फंस गए हैं। ये इंडस्ट्रियलिस्ट जर्मनी में होने वाली प्रदर्शनी में भाग लेने जा रहे थे। इसी दौरान युद्ध शुरू होने के चलते इनकी यात्रा को दोहा में रोकना पड़ा। अब केंद्र और पंजाब सरकार इन्हें देश वापस लाने में जुटी हुई है। शहर के कारोबारियों का कहना है कि हजारों करोड़ रुपए दांव पर लगे हैं। अगर यह युद्ध नहीं रुका तो इंडस्ट्री 2 साल तक उभर नहीं पाएगी इधर, युद्ध से पेट्रोल-डीजल की कमी होने और इनके दामों में भारी वृद्धि होने की अफवाहें भी हैं। इसी के चलते आज फरीदकोट में किसान ट्रैक्टरों पर ड्रम और कैन लेकर डीजल भरवाने पहुंच गए। इस दौरान फिलिंग स्टेशन पर ट्रैक्टरों की लंबी लाइनें देखने मिलीं। किसानों का कहना है कि गेहूं की कटाई के लिए काफी डीजल चाहिए। भविष्य में अगर डीजल की कमी हुई तो उन्हें भारी नुकसान हो सकता है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि तेल की सप्लाई नियमित रूप से आ रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. कनाडा में सड़क हादसे में तरनतारन के 2 युवकों की मौत कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में हुए सड़क हादसे में तरनतारन के दो मौसरे भाइयों की मौत हो गई। बीते कल ब्रिटिश कोलंबिया के हाईवे 97 पर ट्रक खाई में गिरा था। मृतकों में गांव माड़ी गौर सिंह (भिक्खीविंड) का तलविंदर सिंह गिल (32) और गांव एलोवाल (वीरोवाल) का जजबीर सिंह (30) शामिल है। तलविंदर सिंह के पिता मनिंदर जीत सिंह ने रोते हुए बताया बेटा तलविंदर सिंह करीब चार साल पहले बेहतर भविष्य के लिए बाहर गया था। वह मेहनती था। दोनों ट्रक लेकर जा रहे थे। इसी दौरान नेल्सन शहर के पास उनका ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया। ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक उसमें ही फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को ट्रक से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद कनाडा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने शवों को जल्द से जल्द भारत लाने की मांग की है, ताकि उनका अपने गांव में अंतिम संस्कार किया जा सके। (पढ़ें पूरी खबर) 9. चंडीगढ़ में रिटायर्ड अधिकारी की कार में लगी आग चंडीगढ़ में सेक्टर-35 की मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती वर्ना कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार पंजाब के रिटायर्ड पीसीएस अधिकारी बलविंदर सिंह और उनके दोस्त बाल-बाल बच गए। बलविंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-21 से सेक्टर-35 स्थित एक कॉफी शॉप की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मार्केट में पहुंची, सामने से आ रहे एक व्यक्ति ने जोर-जोर से इशारा करते हुए गाड़ी रोकने को कहा। पहले तो उन्हें समझ नहीं आया। लेकिन जब उन्होंने शीशा नीचे कर पूछा तो उस व्यक्ति ने बताया कि कार के बोनट से धुआं निकल रहा है। यह सुनते ही बलविंदर सिंह ने तुरंत गाड़ी रोकी और दोस्तों के साथ बाहर निकल आए। गाड़ी से बाहर निकलते ही आग ने तेजी पकड़ ली और कुछ ही देर में पूरी कार धूं-धूं कर जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया (पढ़ें पूरी खबर) 10. मोगा में 5 साल की बच्ची के साथ रेप मोगा में पड़ोसी ने 5 साल की बच्ची के साथ रेप किया। पीड़िता के पिता ने बताया कि होली के त्योहार के चलते उनकी बेटी गुब्बारों में पानी भरने के लिए गई थी, तभी अचानक ईंट-भट्टे पर ही काम करने वाला ड्राइवर उनकी बेटी को वहां से उठाकर ले गया। आरोपी बच्ची को भट्टे से कुछ दूर एक खेत में ले गया, जहां उसने उसके साथ गलत काम किया। जब काफी देर तक बेटी घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने बेटी को आसपास ढूंढना शुरू किया। इसके बाद जब आसपास के नौजवानों को पता चला, तो उन्होंने भी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच कुछ नौजवानों ने बताया कि उनकी लड़की खेत में पड़ी है। जब परिजनों ने वहां जाकर देखा तो लड़की खेतों में पड़ी हुई थी। बच्ची रो रही थी और बुरी तरह डरी हुई थी। पूछने पर उसने अपनी पूरी दास्तां सुनाई। इसके बाद जब वे वापस आए तो आरोपी अपने घर से फरार था। इसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। ड्राइवर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *