नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे की है। वह 14 मार्च को मोगा में रैली करेंगे। इसी रैली से बीजेपी अपनी 2027 चुनावी मुहिम का आगाज करेगी। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 14 मार्च को आएंगे पंजाब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मार्च में पंजाब दौरा करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 14 मार्च को उनका दौरा तय हो गया है। मोगा में एक रैली को संबोधित करेंगे। बीजेपी इस रैली से 2027 चुनावी अभियान की शुरुआत करेगी। इसके लिए बीजेपी की तरफ से तैयारियां की जा रही हैं। भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि 14 मार्च को अमित शाह रैली करेंगे। “आओ मिलजुल कर बदलें पंजाब, सुखी रहे हमारा पंजाब” नाम से रैली होगी। यह रैली ऐसे समय आयोजित हो रही है, जब पंजाब की मौजूदा सरकार के 16 मार्च 2026 को चार साल पूरे होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जब इन चार सालों का राजनीतिक आकलन होगा, तो इसे पंजाब की त्रासदी के रूप में याद किया जाएगा और मतदाताओं को खुद को ठगा हुआ महसूस होगा। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदहाल है। नशा, माइनिंग माफिया और भ्रष्टाचार बेलगाम हो चुके हैं। शिक्षा व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। उन्होंन कहा कि पंजाब रोडवेज घाटे में चल रही है और कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी थी कि चार साल के भीतर बेअदबी के दोषियों को सजा दिलाती। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। (पढ़ें पूरी खबर) 2. चंडीगढ़ में देवर-भाभी की लाश मिली चंडीगढ़ में घर में देवर और भाभी की लाश मिली। देवर की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी, जबकि भाभी की लाश नीचे जमीन पर पड़ी हुई थी। घटना की सूचना मिलते की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक की लाश को फांसी से फंदे से नीचे उतारा और फिर दोनों को कब्जे में लेकर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना सेक्टर-41 की है। मृतकों की पहचान नगना (29) और मुस्लिम (24) के रूप में हुई है। थाना-39 के प्रभारी इंस्पेक्टर रामदयाल ने पूरे क्षेत्र को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, नगना कोठियों में काम करती थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब 3 से 4 वर्ष बताई जा रही है। उसका पति चंडीगढ़ में एसी मैकेनिक का काम करता है, लेकिन फिलहाल उत्तर प्रदेश गया हुआ था। वहीं मुस्लिम कारपेंटर का काम करता था। घटना के समय घर में छोटे बच्चे मौजूद थे। (पढ़ें पूरी खबर) 3. सिंगर परमीश वर्मा के मैनेजर से 10 करोड़ रंगदारी मांगी पंजाबी सिंगर एवं एक्टर परमीश वर्मा के बिजनेस मैनेजर को लॉरेंस गैंग ने धमकी दी। मैनेजर से 10 करोड़ रुपए रंगदारी मांगी गई है। मैनेजर को विदेशी नंबरों से कॉल आई। आरोपी ने धमकी दी है कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वह परमीश वर्मा के मैनेजर और उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा। लुधियाना की सराभा नगर पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में भाई रणधीर सिंह नगर (BRS नगर) के रहने वाले हरविंदर सिंह उर्फ हार्डी ने बताया कि वह प्राइवेट बिजनेस करते हैं। लंबे समय से परमीश वर्मा का सारा बिजनेस संभाल रहे हैं। हार्डी के मुताबिक 14 फरवरी से उन्हें लगातार अलग-अलग इंटरनेशनल नंबरों से धमकियां मिल रही हैं। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम हैरी बॉक्सर बताया और खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य होने का दावा किया। उन्होंने बताया कि हैरी बॉक्सर ने कहा अगर तू गायक परमीश वर्मा, अपनी और अपने बच्चों की सलामती चाहता है तो 10 करोड़ रुपए का इंतजाम कर ले। उसने दावा किया कि उसके पास उनके दोनों बच्चों, पत्नी, बुजुर्ग माता-पिता और यहां तक कि उनके रिश्तेदारों की भी पूरी जानकारी और लोकेशन है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. शोरूम में कृपाण रोक पर चंडीगढ़ के सिख युवकों का हंगामा मणिपुर के इम्फाल में एक कपड़ों के शोरूम में सिखों की तलवार (कृपाण) को लेकर विवाद हो गया। शोरूम के गार्ड ने दो सिख युवकों को कृपाण के साथ अंदर जाने से रोक दिया और कृपाण बाहर रखने को कहा। इस बात पर युवकों की गार्ड और फिर मैनेजर से तीखी बहस हो गई। सिख युवकों ने कहा कि वे कृपाण बाहर नहीं रख सकते, क्योंकि यह उनके धर्म से जुड़ा मामला है। विवाद बढ़ने पर मैनेजर ने पुलिस बुलाने की चेतावनी दी, लेकिन युवक अपनी बात पर डटे रहे। करीब 40 मिनट तक बहस चलती रही। युवकों का आरोप है कि उनसे जानबूझकर कृपाण बाहर रखने को कहा गया, जिससे उनके धर्म का अपमान हुआ। उन्होंने कहा कि वे शोरूम मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे और इसके लिए लीगल एक्सपर्ट से सलाह भी ली है। हालांकि वीडियो के लास्ट में मैनेजर ने कहा कि छोटे कृपाण को हम नहीं रोकते, लेकिन आपके पास बड़ी तलवारें हैं। बहस के बाद मैनेजर ने सिख युवकों को सॉरी कहा और उन्हें शॉपिंग करने को कहा। लेकिन उन्होंने साफ कह दिया कि वो शॉपिंग नहीं करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर) 5. पंजाबी सिंगर बब्बू मान बोले-चुनाव लड़ना मेरे बस की नहीं पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले ही राज्य में चुनावी माहौल बनने लगा है। टिकट और उम्मीदवारों को लेकर चर्चा भी शुरू हो गई है। हाल ही में जालंधर के शंकर गांव में पंजाबी सिंगर KS मक्खन ने शिरोमणि अकाली दल जॉइन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि सिंगर बब्बू मान भी चुनाव लड़ सकते हैं। KS मक्खन के इस बयान पर बब्बू मान ने जवाब देते हुए कहा कि चुनाव लड़ना मेरे बस की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि पता नहीं KS मक्खन ने ऐसा क्यों कहा। बब्बू मान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि KS मक्खन खुद चुनाव लड़ लें और बाकी कलाकारों को भी अलग-अलग पार्टियों से चुनाव लड़ाना चाहिए, ताकि कोई न कोई जीत सके। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई एक भी जीत जाए तो उनके MSP, बंदी सिंहों और मजदूरों से जुड़े मुद्दे हल करवा दे। दरअसल, एक पॉडकास्ट में KS मक्खन से पूछा गया था कि अगर वे चुनाव लड़ते हैं तो क्या बब्बू मान उनके प्रचार के लिए आएंगे। इस पर KS मक्खन ने कहा कि हो सकता है बब्बू मान खुद ही चुनाव लड़ लें। जब उनसे पूछा गया कि क्या बब्बू मान चुनाव लड़ सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि क्यों नहीं लड़ सकते। KS मक्खन ने यह भी कहा कि उन्हें किसी सिफारिश की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सबने देख लिया है कि बब्बू मान और बिक्रम सिंह मजीठिया के बीच अच्छी नजदीकी है। KS मक्खन ने दोहराया कि उन्हें लगता है कि बब्बू मान चुनाव लड़ सकते हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 6. ग्रूमिंग गैंग के निशाने पर कनाडा गई पंजाबी लड़कियां कनाडा में पंजाबी लड़कियां ग्रूमिंग गैंग के टारगेट पर हैं। यह गैंग स्टडी वीजा पर आईं युवतियों के साथ कई तरह के लालच देकर उन्हें फंसाता है। फिर उन्हें साथ सोने के लिए मजबूर करता है। इसके लिए युवकों ने बाकायदा वॉट्सएप ग्रुप तक बनाए हुए हैं। ऐसा ही एक युवक इस ग्रुप से बाहर निकला तो उसने इसकी पूरी कहानी बता दी। कनाडा में द कौर मूवमेंट की फाउंडर गुरप्रीत कौर ने कनाडा के एक रेडियो चैनल पर इसका खुलासा किया। गुरप्रीत ने कहा कि इसमें सिर्फ युवक ही नहीं बल्कि घर के मालिक यानी लैंडलॉर्ड, रेस्टोरेंट ऑनर या मैनेजर के अलावा कंपनी के लोग तक शामिल हैं। वह कभी फीस चुकाने-किराया माफ करने का लालच देते हैं तो कभी जॉब देने का, जिसके चक्कर में युवतियां फंस जाती हैं। यहां तक कि उनका बिल भरने का लालच भी दिया जाता है। कोई नहीं मानती तो उसे घर या देश से निकालने का भी डर दिखाया जाता है। द कौर मूवमेंट की संस्थापक गुरप्रीत कौर बताती हैं कि सरे और टोरंटो जैसे शहरों में वॉट्सएप पर ऐसे ग्रुप चल रहे हैं, जिनमें लगभग 150 लड़के शामिल हैं। इन ग्रुप्स का एजेंडा उन पंजाबी लड़कियों को निशाना बनाना है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं या विदेश में अकेली रह रही हैं। ये लड़के अक्सर कॉलेजों में दोस्त बनकर लड़कियों के करीब आते हैं और उनकी पर्सनल जानकारी जुटाते हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 7. गुरदासपुर में मॉर्च्युरी में महिला का शव सड़ा गुरदासपुर के सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में महिला का शव सड़ गया। शव की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। घटना तब सामने आई जब परिवार आज शव लेने अस्पताल पहुंचा। महिला के पति गुरमुख सिंह ने कहा कि वह गांव कोट के रहने वाले हैं। 24 फरवरी की रात को उन्होंने अपनी पत्नी का शव मॉर्च्युरी में रखवाया था। दो दिन बाद जब वे शव लेने आए तो वह पूरी तरह से खराब हो चुका था और चेहरा भी पहचान में नहीं आ रहा था। गुरमुख ने कहा कि उनकी पत्नी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उनके बच्चे विदेश में रहते हैं। उन्होंने शव रखने से पहले अस्पताल कर्मियों से फ्रिज की जांच करने को कहा था, लेकिन उन्हें जांच नहीं करवाई गई। एक दिन पहले भी पूछने पर स्टाफ ने फ्रीजर के ठीक से चलने का आश्वासन दिया था। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मेडिकल अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण फ्रीजर बंद हो गया था। बाहर से मशीन चालू दिख रही थी। लेकिन अंदर कूलिंग नहीं हो पा रही थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी की लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. RSS प्रमुख मोहन भागवत का लुधियाना दौरा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पंजाब प्रवास पर हैं। वो तीन दिन से पंजाब में हैं और अलग-अलग वर्ग के लोगों से मिल रहे हैं। आज लुधियाना के अरविंदो कॉलेज में बुद्धिजीवियों से मिलेंगे और संघ की 100 साल की यात्रा से रूबरू करेंगे। प्रमुख देश और समाज को बेहतर बनाने के लिए संघ की तरफ से तय किए गए पंच परिवर्तन पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा राज्य व देश की चुनौतियों व ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा करेंगे। समारोह में सिर्फ उन्हीं लोगों की एंट्री होगी जिन्हें संघ की तरफ निमंत्रण भेजा गया है। संघ प्रमुख का मुख्य फोकस पंजाब में संघ के विस्तार पर है। वो लोगों को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को जानने के लिए संघ की शाखाओं में आने के लिए कहते रहे हैं। देश में संघ की स्थापना 1925 में हुई तो पंजाब में संघ की एंट्री 1937 में हुई। पंजाब में पहली बार 1938 में कैंप लगाया गया, जिसमें 100 स्वयं सेवकों ने हिस्सा लिया था। वर्तमान में पंजाब में संघ के 150 के करीब पूर्ण कालिक संघ प्रचारक काम कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 9. गोल्डी बराड़ के नाम पर 5 करोड़ रंगदारी मांगी लुधियाना में भाजपा नेता एवं प्रॉपर्टी कारोबारी गुरबीर सिंह गरचा से वॉट्सएप कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए 5 करोड़ रंगदारी मांगी गई। रंगदारी मांगने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 फरवरी को एक विदेशी नंबर से उन्हें वॉयस मैसेज मिला। मैसेज भेजने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताया और 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। मैसेज में कहा गया कि उसके पास उनकी की पूरी जानकारी है और दो दिन में रकम नहीं दी तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। गरचा ने बताया कि इसके बाद कई कॉल आईं, जिन्हें उन्होंने जानबूझकर नजरअंदाज किया। 22 फरवरी को वॉट्सएप पर एक और धमकी भरा मैसेज आया, जिसमें लिखा था- “तुम कॉल्स को नजरअंदाज कर रहे हो, गोलियों को कैसे नजरअंदाज करोगे?” तुम इस भ्रम में हो कि पुलिस तुम्हें बचा सकती है। अब तुम्हें कोई कॉल नहीं आएगी, जल्द मिलते हैं।” इन संदेशों के बाद परिवार दहशत में है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… 10. SGPC ऑफिस में पैंट-शर्ट बैन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के दफ्तरों में ड्रेस कोड लागू करने का फैसला लिया गया है। SGPC के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने कहा है कि अब कोई भी मुलाजिम पैंट-शर्ट पहनकर ड्यूटी पर नहीं आएगा। नए आदेश के मुताबिक कर्मचारियों को पारंपरिक सिख पहनावा पजामा-कुर्ता पहनकर ही दफ्तर पहुंचना होगा। कमेटी का कहना है कि यह फैसला सिख मर्यादा और परंपराओं की पालना सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है, ताकि SGPC के दफ्तरों में सिखी की स्पष्ट झलक दिखाई दे। इस मामले पर राजिंदर सिंह रूबी, जो गोल्डन टेंपल के मैनेजर हैं, ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अध्यक्ष के आदेशों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी। अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने साफ किया कि अगर कोई कर्मचारी इन हिदायतों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। SGPC प्रबंधन का मानना है कि धार्मिक संस्था की गरिमा और पहचान बनाए रखने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाली संगत को हर स्तर पर सिख परंपराओं का सम्मान दिखे। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)


