पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:फार्म हाउस में डबल मर्डर, सुखबीर बादल पर गाए गाने को लेकर कंट्रोवर्सी; पहले बहन छेड़ी, फिर भाई पीटा

नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर डबल मर्डर की रही। मानसा में व्यापारी और कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। व्यापारी की लाश कुर्सी पर पड़ी मिली, जबकि कर्मचारी की लाश जमीन पर पेड़ के पास पड़ी थी। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… मानसा में व्यापारी-कर्मचारी की गोली मारकर हत्या मानसा में सुबह करीब 10 बजे एक व्यापारी और उसके कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों सरदूलगढ़ में अपने फार्म हाउस पर थे, इसी दौरान बदमाशों ने उनपर हमला कर दिया। गोलियां लगते ही दोनों की मौत हो गई। व्यापारी की लाश कुर्सी पर टिकी मिली, जबकि कर्मचारी की लाश जमीन पर पेड़ के पास पड़ी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पर पहुंची और आसपास को इलाके को घेर कर जांच शुरू दी है। मृतकों की पहचान व्यापारी जसवीर सिंह और उनके मुलाजिम बलदेव सिंह के रूप में हुई है। एसएसपी भागीरथ सिंह मीणा ने बताया कि दो लोगों की हत्या की गई है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर हर पहलू से साक्ष्य जुटा रही है। जसबीर के चाचा सतपाल सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने 8 से सवा 8 बजे के बीच मर्डर किया। इसके बाद साढ़े 10 बजे पता चला तो घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पर बेटा खून से लथपथ था। पुलिस पहले से पहुंच चुकी थी। पुलिस से मेरी मांग है कि परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाब सचिवालय, स्कूलों और शताब्दी एक्सप्रेस में ब्लास्ट की धमकी पंजाब सचिवालय और स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। चंडीगढ़ और अमृतसर के स्कूल प्रबंधकों को मिले थ्रेट मेल के बाद बच्चों की छुट्टी कर उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद स्कूलों की सिक्योरिटी टाइट कर दी गई है। चंडीगढ़ के सेक्टर-38 स्थित विवेक हाई स्कूल और मनीमाजरा के गुरुकुल भवन विद्यालय को ईमेल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट मोड में आ गई और तुरंत बम स्कॉड और जांच टीमे मौके पर पहुंच गई। वहीं, अमृतसर में स्कूलों को धमकी भरे ईमेल में स्कूलों और ट्रेनों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में अगले दो दिनों में अमृतसर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में भी धमाके करने की बात लिखी। मेल में खालिस्तानी आतंकी हरदीप निज्जर की हत्या का इंसाफ और कनाडा पेंशन फंड वापिस लेने की बात भी कही गई। ये मेल उस समय आया है जब आज ही कनाडा के पीएम मार्क कार्नी का 2 दिवसीय भारत दौरा शुरू हो रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) मोहाली में कारोबारी से 4 करोड़ की रंगदारी मांगी मोहाली में कारोबारी से 4 करोड़ रुपए रंगदारी मांगी गई। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। जिसमें हाल ही में मारे गए कबड्‌डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया का नाम भी लिया गया। पुलिस ने इंटरनेशनल मोबाइल नंबर इस्तेमाल करने वाले अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, कारोबारी के मोबाइल पर 17 दिसंबर 2025 से एक विदेशी नंबर से लगातार वॉट्सएप कॉल और मैसेज आ रहे थे। कॉल करने वाले ने खुद को कौशल चौधरी गैंग का सदस्य बताते हुए 4 करोड़ रुपए की मांग की। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा, “राणा का काम तो कर दिया, अब तू अपना जुगाड़ कर ले। अगर पैसे नहीं दिए तो तेरे साथ भी वही होगा। इस दौरान धमकी देने वाले ने हाल ही में हुई राणा बलाचौरिया की हत्या का हवाला देकर दहशत फैलाने की कोशिश की। कारोबारी ने बताया कि राणा उसका दोस्त था। उन्हें लगातार कॉल कर डराया जा रहा है और परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। 19 दिसंबर 2025 की देर रात कुछ संदिग्ध लोग उसके घर के बाहर घूमते हुए भी दिखाई दिए थे, जिससे आरोपियों द्वारा रेकी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को आने वाली कॉल की रिकॉर्डिंग भी मुहैया करवाई गई है। (पढ़ें पूरी खबर) सुखबीर बादल पर गाए गाने को लेकर कंट्रोवर्सी पंजाबी सिंगर रमन लखेसर का गाना माई वर्ल्ड-2 फिर कंट्रोवर्सी में है। इसके लिरिक्स में से जाणदा निआणा की सियाणा बल्लिए, बादलां दा गढ़ थाना लंबी बल्लिए वाली लाइन को हटा दिया गया है। गाने को सिंगर रमन लखेसर ने गाया है। 9 महीने पहले रिलीज हुए इस गाने पर पहले भी बादलों का नाम लेने पर कंट्रोवर्सी हो चुकी है। इस पर सिंगर ने कहा था कि ये लाइन किसी ने उससे नहीं डलवाई है, बल्कि वह इसी इलाके का रहने वाला है, तो ये लाइन नेचुरली उसके दिमाग में आई थी तो गाने में डाली है। सिंगर ने बादलों की तारीफ के आरोपों को भी नाकारा था। अब यूथ अकाली दल ने इसे लेकर AAP सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप की शह पर इस गीत से बादलों का नाम हटाया गया है। यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंझर ने एक्स पर वीडियो जारी कर कहा कि सरकार बादलों के नाम से बौखला चुकी है। अब गीतों पर सेंसिरशिप’ लगाने जैसा काम किया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि एक गाने की लाइन को हटवाने से पंजाब के लोगों की भावनाएं नहीं बदली जा सकतीं। बता दें कि 9 महीने पहले रिलीज इस गीत को 20 मिलियन व्यू मिल चुके हैं। हालांकि अभी यह पता नहीं चला है कि लिरिक्स में से ये शब्द क्यों हटाए गए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) चंडीगढ़ पुलिस का 7 बैंकों पर ₹1.83 करोड़ बकाया चंडीगढ़ पुलिस की साल 2023-24 की ऑडिट रिपोर्ट में पैसों के खर्च और हिसाब-किताब में कई कमियां मिली हैं। एक तो पुलिस द्वारा प्रोवाइड की कई सिक्योरिटी और दूसरे मदों में बैंकों और अन्य संस्थाओं द्वारा वसूली नहीं हो पाई है। वहीं कई भुगतान समय पर न होने से पेनल्टी के रूप में बड़ी राशि का भुगतान करना पड़ा है। प्रिंसिपल डायरेक्टर ऑफ ऑडिट (केंद्रीय) की जांच में पता चला कि कई मामलों में नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। ऑडिट में पाया गया कि चंडीगढ़ पुलिस का शहर के 7 बैंकों पर 1.83 करोड़ रुपए बकाया है। जिसकी वसूली नहीं कई है। ऑडिट के अनुसार ट्रांसपोर्ट अलाउंस, स्पेक्ट्रम फीस, आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती, सरकारी गाड़ियों के रखरखाव और स्टॉक रजिस्टर में लापरवाही बरती गई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विभाग में पैसों की निगरानी की व्यवस्था मजबूत नहीं है। जांच में पता चला कि 669 कर्मचारियों को ट्रांसपोर्ट अलाउंस दिया गया, जबकि वे पूरे महीने छुट्टी पर थे। नियम के अनुसार अगर कोई कर्मचारी पूरा महीना छुट्टी पर रहता है तो उसे यह भत्ता नहीं मिलता। इस मद में 46.49 लाख रुपए ज्यादा दे दिए गए। अब यह पैसा कर्मचारियों से वापस लिया जाना है। (पढ़ें पूरी खबर) पाकिस्तानी डॉन का दावा- गुरदासपुर एनकाउंटर में बेगुनाह मारा पंजाब के गुरदासपुर में 2 पुलिस कर्मचारियों की हत्या के बाद हुए एनकाउंटर पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने सवाल उठाए हैं। भट्टी ने दावा किया कि पंजाब पुलिस का ये एनकाउंटर फेक है। जिस रणजीत सिंह को मारा गया है वो पुलिस को मारने वालों में शामिल ही नहीं था। इसे लेकर शहजाद भट्टी ने ऑडियो जारी किया है। डाकू नाम के इंस्टा पेज पर डाले इस ऑडियो में भट्टी ने कहा- पंजाब पुलिस सिखों के खिलाफ जुल्म कर रही है। अगर मैंने पहले पुलिस वालों को मारने का वीडियो डाला था तो मुझे ये भी पता है कि ये कत्ल किसने किए हैं और किसने करवाए हैं। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि एनकाउंटर में मारा गया युवक घटना में शामिल नहीं था। भट्टी ने कहा कि इस मामले में पंजाब पुलिस से जवाब मांगा जाना चाहिए और एनकाउंटर करने वाली टीम से सबूत मांगे जाने चाहिए। इसके साथ ही कोर्ट में जाकर जांच की मांग करनी चाहिए। मुझसे तो रणजीत सिंह की मां का दुख नहीं देखा जाता। उसका रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। बता दें कि दो दिन पहले गुरदासपुर में पुलिस चौकी में ASI और होमगार्ड जवान का कत्ल करने वाले एक आरोपी रणजीत सिंह का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया था। उसका दूसरा साथी इंद्रजीत सिंह फरार हो गया था। वहीं तीसरा आरोपी दिलावर सिंह पुलिस की गिरफ्त में है। (पढ़ें पूरी खबर) गोल्डन टेंपल सरोवर में कुल्ला, जेल से छूटा युवक अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने वाला मुस्लिम युवक जमानत पर छूटने के बाद पहली बार सोशल मीडिया पर आया। हालांकि इस दौरान उसने गोल्डन टेंपल और उसको लेकर हुई कानूनी कार्रवाई को लेकर कुछ नहीं कहा। एक अन्य मुस्लिम व्यक्ति ने युवक सुब्हान रंगरीज का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। युवक कहता है कि हमारा छोटा भाई सुब्हान रंगरीज आ गया है। भाइयों ने दुआ की और भाई हमारे पास है। इसमें सुब्हान रंगरीज ने कहा- अल्लाह का शुक्र है, मैं सही सलामत हूं। ठीक-ठाक हूं आप लोगों की दुआ से। मैं यही कहूंगा कि नमाज पढ़ो, रोजा रखो और अल्लाह से दुआ करो। खास बात यह है कि पहले के वीडियो की तरह इस बार सुब्हान का एटीट्यूड नजर नहीं आया, जिस वजह से ही सिख समुदाय ने उसकी माफी को कबूल नहीं किया था। जिस वजह से निहंगों ने उसे पीटा। उस पर बेअदबी का केस दर्ज हुआ और उसे जेल तक जाना पड़ा। वह गुरुवार को जेल से बाहर आया। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाबी सिंगर करन औजला शो में हिट सॉन्ग नहीं गा पाएंगे पंजाबी सिंगर करन औजला दिल्ली में ‘पी पॉप कल्चर इंडिया टूर’ से पहले मुश्किल में फंस गए हैं। औजला इस शो में अपने कई हिट सॉन्ग नहीं गा पाएंगे। वो यहां अपने कई हिट गाने जैसे ‘अधिया’, ‘चिट्टा कुर्ता’, ‘एल्कोहल 2’, ‘फ्यू डे’ और ‘बंदूक’ पर परफॉर्म करने वाले थे। दरअसल, साउथ ईस्ट दिल्ली की चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट ने औजला के गानों को लेकर शो के आयोजकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा गया कि लाइव शो में शराब और ड्रग को ग्लोरिफाई करने वाले गाने नहीं गाने चाहिए। इस संबंध में चंडीगढ़ के प्रोफेसर धरनेरव राव ने एक आवेदन दायर किया था। उन्होंने मांग की थी कि ऐसे गानों से शराब की खपत, ड्रग्स के इस्तेमाल, गन कल्चर और महिलाओं के प्रति असम्मान को बढ़ावा मिलता है, इसलिए इन पर रोक लगाई जानी चाहिए। नोटिस में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के फैसले (CWP No. 6213 of 2016) का हवाला दिया गया है। जिसमें स्पष्ट निर्देश हैं कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कोई भी लाइव शो या इवेंट में शराब, ड्रग्स, हिंसा को ग्लोरिफाई करने वाले गाने नहीं बजाए/गाए जाएं। (पढ़ें पूरी खबर) बहन से छेड़छाड़, विरोध करने पर भाई को पीटा लुधियाना में बदमाशों ने एक दुकान के शीशे फोड़ दिए। दुकानदार बीच में आया तो उसके साथ भी मारपीट की और धमकी देने लगे। घटना से नाराज व्यापारियों ने देर रात चंडीगढ़ रोड को कई घंटे जाम कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया। पीड़ित दुकानकार ने कहा कि कुछ दिन पहले इन युवकों ने उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की थी। इन्हें पकड़वाने में उन्होंने मदद की तो अब इसी रंजिश में उनपर हमला कर दिया गया। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हमले के बाद बाजार के सभी दुकानदार इकट्ठे हो गए और उन्होंने आरोप गलाया कि बदमाशों ने खुलेआम तोड़फोड़ की, लेकिन पुलिस की कार्रवाई ढीली रही। पुलिस की कथित लापरवाही से आक्रोशित व्यापारियों ने वीर पैलेस के बाहर रोष प्रदर्शन भी किया। दुकानदार रोहित कुमार ने बताया कि एक महीने पहले इलाके के कुछ युवकों ने गुरजोत कौर नाम की महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की थी। उस मामले में उन्होंने ही पुलिस को शिकायत दी थी, जिसके बाद कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया था। (पढ़ें पूरी खबर) खबर जरा हटके… चश्मा ठीक करवाने रुके, 3 करोड़ की लॉटरी लगी मोगा जिले के निहाल सिंह वाला के रहने वाले महिंदर सिंह कल तक अपनी छोटी सी दुकान पर लोगों के खराब चूल्हे ठीक कर अपना गुजारा कर रहे थे, आज वह 3 करोड़ रुपए के मालिक बन चुके हैं। पंजाब स्टेट महा शिवरात्रि बंपर 2026 ने महिंदर की जिंदगी रातों-रात बदल दी है। महिंदर सिंह ने बताया कि हाल ही में उनके बेटे की शादी हुई थी। शादी की खुशियों के बीच वे परिवार के साथ गुरुग्राम स्थित कुलदेवी मंदिर में माथा टेक कर वापस लौट रहे थे। रास्ते में पटरां मार्केट में चश्मा ठीक करवाने रुके। चश्मे की दुकान के पास ही लॉटरी का एक स्टॉल लगा था। जहां से एक लॉटरी टिकट खरीद ली। महिंदर सिंह इसे महज एक इत्तेफाक नहीं बल्कि दैवीय कृपा मानते हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा मेरे घर में बहू लक्ष्मी बनकर आई है। उसके आने के बाद ही यह चमत्कार हुआ। मैं भगवान शिव का परम भक्त हूं और महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर महादेव ने ही मुझ पर यह आशीर्वाद बरसाया है। महिंदर ने बताया कि वह अकसर किस्मत आजमाते थे। लेकिन इतनी बड़ी जीत का उन्होंने कभी सपना भी नहीं देखा था। लॉटरी डिस्ट्रीब्यूटर भीम सेन और एजेंट पूजा शर्मा ने बताया कि पंजाब में कुछ ही दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी जीत है। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *