नमस्कार, पंजाब की आज की पहली सबसे बड़ी खबर तरनतारन लॉ कॉलेज में छात्रा की हत्या कर छात्र के खुद को गोली मारने से जुड़ी रही। जिसका VIDEO भी सामने आया। दूसरी बड़ी खबर चंडीगढ़ में AAP के प्रदर्शन की रही, जिनकी पुलिस के साथ झड़प हो गई और 3 मंत्रियों को भी 4 घंटे बाद पुलिस हिरासत से छोड़ा गया। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1. लॉ छात्रा की हत्या, फिर खुद को शूट किया, सिर में गोली मारी पंजाब के तरनतारन स्थित लॉ कॉलेज में सोमवार को छात्र ने क्लासरूम में घुसकर छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने वहीं पर खुद को भी गोली मार ली। मृतक छात्रा संदीप कौर (20) है, वह लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। वहीं आरोपी छात्रा तरनतारन का प्रिंसराज सिंह है, वह भी छात्रा के साथ पढ़ता था। लड़की की मां ने आरोप लगाया कि कॉलेज से उन्हें कहा गया कि छोटा सा झगड़ा हुआ और उनकी बेटी को चोट लगी है। वह कॉलेज पहुंचे तो बेटी मरी पड़ी थी। (पढ़ें पूरी खबर) 2. चंडीगढ़ में पुलिस और AAP नेता-वर्कर भिड़े, वाटर कैनन चलाया, पगड़ियां उतरीं आम आदमी पार्टी (AAP) की पंजाब यूनिट के नेताओं और वर्करों की चंडीगढ़ पुलिस से झड़प हो गई। वह प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा के घर जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें MLA हॉस्टल से 15 कदम चलते ही रोक लिया। जिसके बाद AAP वालों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। इस दौरान पुलिस ने AAP के मंत्री हरपाल चीमा समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। (पढ़ें पूरी खबर) 3. सगी बहनों का मर्डर करने वाले रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे को उम्रकैद चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में रक्षाबंधन के दिन 2 सगी बहनों की हत्या करने वाले रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। जीरकपुर के रहने वाले कुलदीप सिंह ने साल 2019 में दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। उसने शादी से इनकार और प्यार पर शक के चलते मनप्रीत कौर की हत्या की थी। जबकि, उसे बचाने आई उसकी बहन राजवंत कौर को भी कैंची से लगातार वार कर गोद दिया था। (पढ़ें पूरी खबर) 4. भाजपा ने पूछा- बिट्टू गद्दार तो घुबाया और धर्मवीर गांधी क्या हैं? भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार कहने के मसले पर पंजाब भाजपा सहित सेंटर की लीडरशिप ने कांग्रेस को घेरा। BJP ने सवाल पूछा कि अगर राहुल गांधी पार्टी छोड़ना गद्दारी मानते हैं, तो अकाली दल से कांग्रेस में आए शेर सिंह घुबाया और AAP से कांग्रेस में आए डॉ. धर्मवीर गांधी को राहुल गांधी क्या कहेंगे? भाजपा ने कहा कि कांग्रेस के हर मामले को लेकर दोहरे मापदंड हैं। गद्दार शब्द इस्तेमाल करने वाले राहुल यह क्यों नहीं बताते कि सिखों को गद्दार कहने वाली कांग्रेस ने आज तक 1984 के दंगों के दोषियों को सजा दिलाने के बजाय उन्हें संरक्षण क्यों दिया है? (पढ़ें पूरी खबर) 5. हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, एंट्री बंद रही पंचकूला में सेशन कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद चंडीगढ़ में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को भी खाली करवा गया। इस दौरान किसी को अंदर नहीं जाने दिया गया। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट कैंपस को अलर्ट मोड पर रखा गया। सिक्योरिटी रीजन को देखते हुए दोपहर करीब डेढ़ बजे हाईकोर्ट के सभी गेटों को बंद कर दिया गया। बाहर से किसी भी व्यक्ति की एंट्री को बैन कर दिया गया। आधा घंटे कैंपस की पड़ताल के बाद दोपहर 2 बजे एंट्री दी गई। (पढ़ें पूरी खबर) अन्य बड़ी खबरें… 6. शाही इमाम पर हमले में चाचा बोले- उस्मान ने ही बदसलूकी की पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमान लुधियानवी पर हुए हमले के बाद अब उनके चाचा अतीक उर रहमान लुधियानवी सामने आए हैं। उन्होंने उल्टा शाही इमाम पर ही बदसलूकी और हिंसा के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शाही इमाम पर कोई हमला नहीं हुआ। बल्कि, शाही इमाम ने अपने चाचा से मारपीट की। बदसलूकी की और बेटे की दाढ़ी भी खींची। शाही इमाम के इशारे पर ही हमला कराया गया। बाद में सच्चाई दबाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज करवाया गया। (पढ़ें पूरी खबर) 7. मां की बेइज्जती का बदला लेने के लिए दोस्त का मर्डर जालंधर में AAP नेता लक्की की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। लक्की का विदेश में रहते तस्कर जोगा से झगड़ा चल रहा था, जो लक्की की मौत का कारण बना। किसी समय लक्की और जोगा दोस्त हुआ करते थे। कुछ साल पहले नशे और पैसों को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। इसके बाद जोगा विदेश चला गया और लक्की AAP में शामिल हो गया। इसी झगड़े के कारण लक्की ने जोगा फोल्ड़ीवाल के घर जाकर उसकी मां की बेइज्जती की थी। इसी का बदला जोगा ने लक्की की हत्या करवा कर लिया। (पढ़ें पूरी खबर) 8. CM की विधानसभा में ब्राह्मण परिवार ने मस्जिद बनवाई पंजाब के सीएम भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी में एक ब्राह्मण परिवार ने मस्जिद बनवाई। दो भाइयों ने मस्जिद के लिए 5 मरला जमीन दान दी। इसके साथ ही उन्होंने खुद और गांव से चंदा जोड़कर इमारत बनवाई, जिसमें दो कमरे और एक बरामदा है। उन्होंने कहा कि गांव में करीब 2500 लोग रहते हैं, इसमें करीब 30 मुस्लिम परिवार हैं। उन्हें नमाज पढ़ने को जगह नहीं मिल रही थी। उद्घाटन के लिए पंजाब के शाही इमाम को बुलाया गया। (पढ़ें पूरी खबर) 9. पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख का नया गाना विवादों में पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख का नया गाना विवादों में घिर गया है। भाजपा नेता ने DGP को इसकी शिकायत भेजी है। उनका कहना है कि यह गाना हिंसा के लिए उकसाता है। इस गीत को बैन कर यूट्यूब से हटवाया जाए। मनकीरत औलख पिछले 15 दिन से अपने नए गीत के प्रमोशन को लेकर लगातार पंजाब का टूर कर रहे थे। 3 दिन पहले (6 फरवरी) ही उनका यह गाना रिलीज हुआ है। आरोप है कि गाने के बोल और वीडियो में हथियारों की नुमाइश की गई है (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. अमृतसर में एक ही गांव में आपस में शादी बैन, लव मैरिज करने पर बहिष्कार होगा अमृतसर के गांव में पंचायत ने लव मैरिज पर रोक लगा दी है। इसे लेकर पंचायत ने प्रस्ताव पारित किया। सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि अगर गांव के कोई लड़का-लड़की आपस में शादी करते हैं तो उन्हें गांव से बाहर कर दिया जाएगा। इसके साथ ही लड़का और लड़की के परिवार का सोशल बायकॉट किया जाएगा। शादी कराने वालों की पंचायती सरकारी सुविधाएं खत्म करेंगे। किसी डॉक्यूमेंट पर साइन नहीं होगा (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)


