भास्कर न्यूज | जालंधर ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की ओर से आयोजित 44वीं अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी चैंपियनशिप एवं माउंटेड पुलिस ड्यूटी मीट में पंजाब पुलिस का शानदार प्रदर्शन रहा। चैंपियन खिलाड़ियों के पीएपी पहुंचने पर पंजाब पुलिस के एडिश्नल डीजीपी एमएफ फारुखी ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस के पास इस समय बेहतरीन घोड़े हैं, जिनकी बदौलत खिलाड़ियों ने नेशनल स्तर पर विभाग का नाम रोशन किया है। चैंपियनशिप बीएसएफ अकादमी टेकनपुर में आयोजित की गई, जिसमें देशभर की विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस की 19 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में पंजाब पुलिस की घुड़सवार टीम ने 2 स्वर्ण, 2 रजत और 6 कांस्य पदक जीतकर कुल 10 पदक अपने नाम किए और ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर आईजी राजपाल सिंह संधू और जीएस औलख, कमांडेंट 7वीं बटालियन भी उपस्थित रहे।


