पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य सरकार के बजट को ‘पंजाब की जड़ें खोदने वाला बजट’ बताया है। उन्होंने यह प्रतिक्रिया बरनाला में 14 मार्च को होने वाली केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली से संबंधित बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दी। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और अन्य पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद थे। जाखड़ ने कहा कि पंजाब पर साढ़े चार लाख करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये देने की बात कर रही है, लेकिन इसके लिए पैसा कहां से आएगा? वित्त मंत्री हरपाल चीमा द्वारा बजट को ‘गारंटियां पूरी करने वाला बजट’ कहे जाने पर जाखड़ ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह बजट असल में पंजाब की जड़ें उखाड़ने वाला है। भाजपा उपाध्यक्ष बोले- पैसा नहीं गारंटियां कैसे पूरी होगी इस अवसर पर पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाबी कहावत ‘पलले नी धेला करदी मेला मेला’ का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के पास पैसा ही नहीं है, ऐसे में गारंटियां कैसे पूरी होंगी? ढिल्लों ने आगे कहा कि आज पंजाब में अमन-कानून की स्थिति बहुत भयानक हो चुकी है। आम आदमी पार्टी सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य पर कर्ज 4 लाख करोड़ रुपये से ऊपर चला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। मोगी की रैली में शामिल होंगे अमित शाह सुनील जाखड़ ने बताया कि 14 मार्च को मोगा में भाजपा की एक विशाल रैली आयोजित की जा रही है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। इस रैली को लेकर आज बरनाला जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक की गई। जाखड़ ने कहा कि भाजपा के लिए यह एक ऐतिहासिक रैली होगी और पंजाब भर से लाखों की संख्या में लोग इसमें शामिल होने आ रहे हैं, क्योंकि अब पंजाब के लोगों के लिए भाजपा ही एकमात्र उम्मीद बची है।


