पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट के बीच भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा का एक अहम बयान आया है। अश्वनी शर्मा ने आज चंडीगढ़ में कहा कि शिअद के साथ पहले राजनीतिक नहीं सामाजिक गठबंधन था। अश्वनी शर्मा यहीं नहीं रूके उन्होंने कहा कि राजनीतिक गठबंधन छोटी भूमिका में नहीं होता है वो बराबरी का होता है। उस गठबंधन में हमारी भूमिका बहुत छोटी थी। अश्वनी शर्मा ने यह बयान चंडीगढ़ में NRI के साथ रखी ‘पंजाबी डायस्पोरा मीट’ में कहे। अश्वनी शर्मा के बयान से साफ है कि भारतीय जनता पार्टी अकाली दल के साथ गठबंधन में अब छोटी भूमिका में नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी दुनिया में सबसे बड़ी पार्टी है। देश की सबसे बड़ी पार्टी है और पंजाब में इसे बहुत छोटे तौर पर आंका जाता है। ‘पंजाबी डायस्पोरा मीट’ में अश्वनी शर्मा ने कही ये अहम बातें… दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है भाजपा: अश्वनी शर्मा ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और देश में 11 साल से राज कर रही है। पंजाब में हमें अभी बहुत छोटे लेवल पर आंका जाता था। NRI से पहली बार क्यों मिले: अश्वनी शर्मा ने एनआरआई से कहा कि पंजाब में वो एक छोटे से समूह में राजनीति करते थे इसलिए पहले कभी एनआरआई से नहीं मिले। लेकिन अब भाजपा का स्वरूप पंजाब में बड़ा हो गया। सरकार बनाने में NRI की अहम भूमिका: अश्वनी शर्मा ने एनआरआई को कहा कि पिछली सरकार बनाने में सबसे ज्यादा अहम योगदान आपका रहा है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब के हालात खराब कर दिए। अश्वनी शर्मा ने एनआरआई से भाजपा के लिए सहयोग मांगा। 17-83 की नहीं होती हिस्सेदारी : अश्वनी शर्मा ने एनआरआई से बात करते हुए अकाली दल को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि इस बार भाजपा कम सीटों पर मानने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि 17-83 कोई हिस्सेदारी नहीं होती। हम 117 में से सिर्फ 23 सीटों पर ही लड़ते थे। अब बदल गई परिस्थितियां: अश्वनी शर्मा ने कहा कि अटल-अडवानी के युग में देश की परिस्थितियां अलग थी। तब पंजाब की भाईचारक सांझ खतरे में थी। बॉर्डर स्टेट के कारण अति संवेदनशील टाइम था। अब भाजपा देश को नेतृत्व दे रही है और परिस्थितियां बदल गई हैं। राजनीतिक सिस्टम व पार्टियों की परिस्थितियों में भी बदलाव आ गया है। जनसंघ के समय भी जीतते रहे चुनाव: अश्वनी शर्मा ने अपने बयान के जरिए शिअद को बताया कि पंजाब से भाजपा का रिश्ता नया नहीं है। भाजपा जनसंघ के समय भी जलालाबाद, गुरुहरसराय व बठिंडा विधानसभा सीट जीतते रहे हैं। लॉ एंड ऑर्डर पर उठाए सवाल: अश्वनी शर्मा ने एनआरआई को कहा कि उन्होंने इस सरकार को बनाने में अहम भूमिका निभाई और सरकार ने पंजाब के हालात क्या करके रख दिए वो आप सभी को पता हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बेहद खराब हो गई। इकोनमी गिर रही है। इंडस्ट्री बाहर जा रही है। पंजाब की बेहतरी के लिए इस बार भाजपा का साथ दें।


