पंजाब में दिन का पारा सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा, हिमाचल में 23 को हल्की बर्फबारी के आसार

पंजाब में मौसम ने करवट ली है। सूबे में शुक्रवार को दिन का औसत तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस की गई। सूबे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट का रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस अमृतसर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में तापमान सामान्य से अधिक रहने के कारण हल्की गर्मी का अहसास बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में मामूली गिरावट से सुबह-शाम ठंडक बरकरार है। वहीं, हिमाचल में भी मौसम साफ रहने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई शहरों में अधिकतम तापमान में 2 से 9 डिग्री सेल्सियस तक उछाल आया है। अगले 48 घंटे तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 23 फरवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसका असर मुख्य रूप से चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। इन इलाकों की ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *