पंजाब में बैकलॉक भरने के लिए चलेगा अभियान:1754 पदों पर होगी भर्ती, जगरुप सिंह सेखवां बोले- दिव्यांगों के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध

गुरदासपुर जिला योजना कमेटी के चेयरमैन और आम आदमी पार्टी के राज्य महासचिव सरदार जगरुप सिंह सेखवां ने कहा कि पंजाब सरकार दिव्यांग व्यक्तियों (पीडब्ल्यूडी) की भलाई के प्रति वचनबद्ध है। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने विभिन्न विभागों में खाली पड़े दिव्यांग व्यक्तियों के लिए आरक्षित पदों के बैकलॉग को भरने के लिए एक बड़ा भर्ती अभियान शुरू करने की घोषणा की। जिला योजना कमेटी गुरदासपुर के चेयरमैन स. जगरूप सिंह सेखवां ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों के विभिन्न विभागों में बैकलॉग के रूप में सीधी भर्ती के 1754 पदों और तरक्की के 556 पदों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने अधिकारियों को इन खाली पदों को जल्दी से जल्दी भरने की प्रक्रिया तेज करने के आदेश दिए हैं। चेयरमैन स. जगरूप सिंह सेखवां ने कहा कि दिव्यांग व्यक्ति समाज के असली नायक होते हैं क्योंकि वे बहुत सारी मुश्किलों के बावजूद जीवन में बेहतरीन प्रदर्शन दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रयास कर रही है कि ऐसे सभी लोग सम्मान के साथ जीवन बिताएं। 7.5 लाख यात्रियों को दिया गया 2.19 करोड़ का लाभ चेयरमैन स. जगरूप सिंह सेखवां ने आगे कहा कि राज्य सरकार दिव्यांग व्यक्तियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई कदम उठा रही है। हाल ही में राज्य सरकार ने दृष्टिहीन लोगों के आश्रितों को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी है। इस संबंध में जल्द ही नोटिफिकेशन जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब रोडवेज और पीआरटीसी बसों के किराये में दिव्यांग व्यक्तियों को 50 प्रतिशत की छूट दी गई है। 2023-24 के दौरान 7.5 लाख यात्रियों को लाभ देकर 2.19 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। चेयरमैन स. जगरूप सिंह सेखवां ने बताया कि राज्य सरकार ने 2.65 लाख दिव्यांग व्यक्तियों को राज्य पेंशन योजना के तहत कवर किया है। 2024-25 के दौरान लाभार्थियों को 278.17 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। उन्होंने बताया कि दिव्यांग बच्चों में शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए 12607 लाभार्थियों को 3.37 करोड़ रुपए की राशि वजीफे के रूप में अदा की जा चुकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *