पंजाब सरकार 8 मार्च को विधानसभा में बजट पेश करेगी। इसका ऐलान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुजरात दौरे पर पत्रकारों से बात करते हुए की। भगवंत मान ने साफ कर दिया कि पंजाब सरकार इस बार कोई भी नया टैक्स नहीं लाएगी और न ही टैक्स की दरें बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ गुजरात दौरे पर गए हैं। गुजरात में आम आदमी पार्टी देश के बजट और गुजरात के बजट पर चर्चा करने के लिए अलग अलग शहरों में कार्यक्रम कर रही है। भगवंत मान ने कहा कि देश का बजट और गुजरात का बजट एक जैसा है। इसमें आम लोगों, किसानों, गरीबों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, दुकानदारों के लिए कुछ भी नहीं है। यह सिर्फ कुछ बड़े घरानों के लिए है। भगवंत मान ने गुजरात में कही केंद्रीय व गुजरात के बजट पर ये बातें… गुजरात में विपक्ष ही नहीं है: भगवंत मान ने कहा कि गुजरात में विपक्ष ही नहीं है। कांग्रेस और भाजपा के कारोबार पार्टनरशिप में चलते हैं। इसलिए कांग्रेस भाजपा के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष नहीं होता तो सरकार निरंकुश बजट बनाती है। गुजरात में 30 साल से ऐसा ही बजट बन रहा है। आम आदमी करेगा विरोध: भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस तो भाजपा के साथ मिली है। ऐसे में अब गुजरात के आम आदमी को सरकार के खिलाफ आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि जो टैक्स का पैसा आप देते हैं वो आप पर ही खर्च होना चाहिए। लेकिन यहां सिर्फ कुछ घरानों के पास आपके टैक्स का पैसा जा रहा है। सुबह उठने से लेकर रात को साते हुए भी दे रहे हैं टैक्स: भगवंत मान ने कहा कि हर आदमी सुबह उठने से लेकर रात सोने तक यानि दिन रात टैक्स दे रहा है। उन्होंने कहा कि खाने पीने से लेकर रोजमर्रा की हर चीज पर टैक्स है। बिजली से लेकर पानी सड़क व सभी चीजों पर टैक्स वसूला जा रहा है। हम टैक्स का पैसा पब्लिक को देते हैं: भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने लोगों से टैक्स लिया तो लोगों को फ्री इलाज, बिजली व शानदार स्कूल दिए। इसी तरह पंजाब में भी है। हम 90 फीसदी घरों को फ्री बिजली दे रहे हैं। 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपए तक का फ्री इलाज दे रहे हैं। आम आदमी क्लिनिक, शानदार स्कूल पंजाब में बने हैं। लोग प्राइवेट स्कूल से बच्चे सरकारी स्कूल में दाखिल करवा रहे हैं। 43 हजार किलोमीटर सड़कें नए तरीके से बना रहे: भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में कुल 66 हजार किलोमीटर सड़कें हैं जिसमें से 43 हजार किलोमीटर सड़कों को नए सिरे से बना रहे हैं जबकि केंद्र सरकार ने हमारा आरडीएफ रोका है। जहां बीजेपी सरकार नहीं है वहां केंद्रीय फंड नहीं मिल रहे। हम नॉन पॉलिटिकल लोग हैं: भगवंत मान का कहना है कि हम सभी नॉन पॉलिटिकल लोग हैं। इनकी हरतकों की वजह से हमें राजनीति में आना पड़ा। अब आए हैं तो हमारे हराने पर तुले हैं। गुजरात की आंखें हमें बुला रही हैं: भगवंत मान ने कहा कि गुजरात के लोग आर्थिक बोझ के नीचे दबे हैं। उनकी आंखें आम आदमी पार्टी को बुला रही हैं। इसीलए आम आदमी पार्टी को गुजरात में अपार प्यार मिल रहा है। भाजपा ने बना दी डिजिटल जनता: भगवंत मान ने कहा कि ये लोग एसआईआर करवा रहे हैं और अपने हिसाब से लोगों के वोट बनवा रहे हैं। गुजरात में चुनाव हैं तो यहां वोट बना देंगे। फिर उनके वोट यूपी में बना देंगे और फिर पंजाब में। बीजेपी ने तो डिजिटल जनता बना दी है। असली एआई तो ये है।


