पंजाब यूनिवर्सिटी (पी.यू.) पर चंडीगढ़ नगर निगम के अब तक करीब 25 करोड़ रुपए पेंडिंग थे, लेकिन अब नगर निगम की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स के तौर पर 66 करोड़ का नोटिस पीयू को भेजा गया है। नगर निगम ने अब पी.यू. के कई अन्य पार्कों और खाली जगहों पर भी प्रॉपर्टी टैक्स लगाया है। यह टैक्स 2004 से लगाया गया है। साथ ही इस टैक्स पर ब्याज भी लगाया गया है। जो पिछले 20 वर्षों के पेंडिंग टैक्स के तौर पर लगाया गया है। इसलिए यह टैक्स अब दोगुने से भी ज्यादा यानी 66 करोड़ रुपए हो गया है। किस प्रॉपर्टी पर कितना टैक्स पीयू के रजिस्ट्रार यजविंदर पाल वर्मा ने बताया कि पीयू को चंडीगढ़ नगर निगम की ओर से 66 करोड़ प्रॉपर्टी टैक्स का नोटिस आया है। जिसके बाद उन्होंने नगर निगम को लिखकर भेजा है कि जो 66 करोड़ का टैक्स लगाया है, वह किस-किस प्रॉपर्टी पर कितना-कितना लगाया गया है। पिछले कुछ वर्षों से लगातार प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा रहे हैं। कुछ पेंडिंग है, लेकिन अब तो नगर निगम ने बहुत प्रॉपर्टी टैक्स लगा दिया हैं। पहले भी आ चुका नोटिस इससे पहले नगर निगम की ओर से पीयू को प्रॉपर्टी टैक्स की एवज में करीब 25 करोड़ रुपए के नोटिस भेजे जा चुके हैं, लेकिन पी.यू. की ओर से पिछले 3-4 वर्षों से लगातार एक करोड़ 40 लाख रुपए जमा करवाता रहा है और सर्विस चार्जेस के तौर पर 30 से 40 लाख रुपए हर वर्ष जमा करवाता रहा है।


